दिल्ली के UER-2 पर बदला सफर का तरीका, MLFF तकनीक से अब बिना ब्रेक के होगी टोल की वसूली

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देश में नई अवरोध-रहित टोल प्रणाली की शुरुआत करते हुए राजमार्ग यात्रा को और तेज व सुविधाजनक बनाने की बात कही है। इस 'मल्टी-लेन फ्री फ्लो' तकनीक से वाहन बिना रुके 80–100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से टोल भुगतान कर सकेंगे।

MLFF Toll System UER 2: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि देशभर में नई अवरोध-रहित टोल प्रणाली के लागू होने से राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा संभव हो सकेगी और टोल प्लाजा के संचालन पर सरकार का सालाना करीब 6,000 करोड़ रुपये खर्च बचेगा। नितिन गडकरी ने दिल्ली में अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) पर स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर 'मल्टी-लेन फ्री फ्लो' (MLFF) प्रणाली की शुरुआत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के जरिये वाहन कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित कैमरों की मदद से 80-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरते हुए भी टोल चुका सकेंगे, जिससे उन्हें इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

Nitin Gadkari During the launch

लॉन्च के दौरान नितिन गडकरी

81,000 टन कार्बन उत्सर्जन भी होगा कम

नितिन गडकरी ने बताया कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत से परिचालन लागत भी घटेगी और भविष्य में करीब 285 करोड़ रुपये का ईंधन बचने के साथ 81,000 टन कार्बन उत्सर्जन भी कम होगा। यह अत्याधुनिक टोल संग्रह प्रणाली वाहनों को बिना रुके टोल भुगतान की सुविधा देती है। इसमें 'ऑटोमेटिक नंबर प्लेट' पहचान और 'फास्टैग' जैसी उन्नत प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल किया जाता है। इस पहल का मकसद टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारों और देरी को कम करना, ईंधन की बचत करना, यात्रा का समय घटाना और बेहतर ’ड्राइविंग’ अनुभव प्रदान करना है।

End of Feed