अच्छी नौकरी का झांसा, फिर देह व्यापार के लिए मजबूर... बांग्लादेशी महिलाओं की तस्करी मामले में NIA कोर्ट ने 9 को सुनाई उम्रकैद

हैदराबाद की एनआईए अदालत ने 2019 के मानव तस्करी मामले में आठ बांग्लादेशी नागरिकों समेत नौ दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोषियों पर कुल 1.37 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मामले में बांग्लादेशी महिलाओं को अच्छी नौकरी और वेतन का लालच देकर भारत लाने और बाद में उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर करने का आरोप था। तेलंगाना पुलिस की कार्रवाई के बाद एनआईए ने जांच अपने हाथ में ली थी।

हैदराबाद में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) की एक अदालत ने बांग्लादेशी महिलाओं की मानव तस्करी से जुड़े 2019 के एक मामले में आठ बांग्लादेशियों समेत नौ लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अदालत ने बृहस्पतिवार को दोषियों पर कुल 1.37 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया और जुर्माना नहीं चुकाने पर तीन महीने के अतिरिक्त कारावास की सजा सुनाई। दोषियों में आठ बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक है।

nia news

हैदराबाद मानव तस्करी केस में बड़ा फैसला, 8 बांग्लादेशियों समेत 9 दोषियों को उम्रकैद। AI IMAGE

बांग्लादेशी महिलाओं को अच्छी नौकरी की देते थे लालच

एनआईए की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, यह मामला बांग्लादेशी महिलाओं को अच्छी नौकरी और वेतन का लालच देकर भारत लाने तथा बाद में उन्हें वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किए जाने से जुड़ा है। तेलंगाना पुलिस ने सितंबर 2019 में एक अभियान के बाद हैदराबाद में मूल मामला दर्ज किया था। इस अभियान के दौरान जलपल्ली गांव में देह व्यापार के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक परिसर से तीन बांग्लादेशी महिलाओं को मुक्त कराया गया था तथा एक अन्य महिला को हैदराबाद के बालापुर स्थित महमूद कॉलोनी के एक मकान से मुक्त कराया गया था।

End of Feed