NEET Paper Leak: नीट यूजी पेपर परीक्षा के कुछ घंटे बाद ही राजस्थान के सीकर जिले में एक बड़ा मामला सामने आया, जब एक व्यक्ति आधी रात करीब 1:30 बजे उद्यम नगर पुलिस स्टेशन पहुंचा। उसने दावा किया कि उसके पास परीक्षा में पेपर लीक होने के पक्के सबूत हैं। उसके पास एक हाथ से लिखा हुआ गेस पेपर था, जिसमें कई सवाल ऐसे थे जो बाद में NEET-UG के असली प्रश्न पत्र से मिलते-जुलते पाए गए।
गेस पेपर और असली प्रश्नों में बड़े मेल का दावा (Photo: AI Generated)
पुलिस स्टेशन में नहीं हुई शिकायत दर्ज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हालांकि उस समय पुलिस स्टेशन में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई। ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी ने उससे लिखित शिकायत देने को कहा, लेकिन वह व्यक्ति बिना शिकायत दिए ही वहां से चला गया और बाद में वापस भी नहीं आया। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति एक शिक्षक है, जिसे अपने मकान मालिक से यह गेस पेपर मिला था। बाद में उसने सवालों की तुलना नीट पेपर (NEET-UG 2026 Paper Leak Case) से की, जिसमें बड़ी संख्या में प्रश्न मेल खाते दिखे। इस खुलासे के बाद उसने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को भी जानकारी भेजी।
बाद में CBI के पास गया केस
मामला बढ़ने के बाद NTA ने जांच शुरू की और शुरुआती पुष्टि के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। इससे लाखों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ा और पूरे देश में हड़कंप मच गया। राजस्थान पुलिस और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की शुरुआती जांच में भी यह सामने आया कि गेस पेपर में सैकड़ों प्रश्न असली परीक्षा से मेल खाते थे। बताया गया कि इस 'गेस पेपर' को 30 हजार रुपये से लेकर लाखों रुपये तक में बेचा गया था।
सीकर पुलिस का कहना है कि बिना लिखित शिकायत के जांच शुरू नहीं की जा सकती थी। वहीं बाद में यह मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया गया, क्योंकि यह कई राज्यों से जुड़ा मामला था। इस पूरे घटनाक्रम ने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जांच जारी है और कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
