संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले देश की राजनीति में एक बहुत बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों द्वारा बनाई गई नई पार्टी 'नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया' (NCPI) ने रविवार को अपनी पहली संसदीय दल की बैठक बुलाई। इस ऐतिहासिक बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय (Sudeep Bandyopadhyay NDA Support) ने साफ कर दिया कि NCPI आगामी संसद सत्र में एनडीए (NDA) सरकार को अपना पूरा समर्थन देगी और सदन की हर चर्चा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी।
सुदीप बंदोपाध्याय ने बताया कि संसद में उनकी पार्टी को अलग ब्लॉक, सीटें और डिवीजन नंबर आवंटित कर दिए गए हैं, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है। उन्होंने एक बेहद महत्वपूर्ण बात कहते हुए साफ किया कि यदि पश्चिम बंगाल के किसी भी सांसद को अपने क्षेत्र से जुड़ी कोई समस्या होगी, तो उस मुद्दे को सीधे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के सामने उठाया जाएगा। उन स्थानीय मुद्दों को सुलझाने के लिए दिल्ली लाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे मानते हैं कि सदन सुचारू रूप से चलना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'यह लोकतंत्र का तरीका नहीं...', विपक्ष के सर्वदलीय बैठक के बहिष्कार पर भड़कीं काकोली घोष, सुनाई खरी-खरी
बंदोपाध्याय की पीएम से एक घंटे तक वन-टू-वन मुलाकात
अपनी रणनीति साझा करते हुए बंदोपाध्याय ने बताया कि उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करीब एक घंटे तक वन-टू-वन मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि जो 20 सांसद टीएमसी छोड़कर आए हैं, वे एनडीए के लिए नए हैं। इसलिए प्रधानमंत्री एनडीए के अन्य घटकों को निर्देश दें कि वे इन नए सांसदों को विश्वास में लें ताकि उन्हें एनडीए का वास्तविक भागीदार होने का अहसास हो। प्रधानमंत्री ने उनकी इस बात को बेहद शालीनता से स्वीकार किया है।
गृह मंत्री अमित शाह से भी दो बार मिले सुदीप
इसके अलावा, सुदीप बंदोपाध्याय ने पिछले दो दिनों में गृह मंत्री अमित शाह से भी दो बार लंबी मुलाकात की। अमित शाह ने भी 20 सांसदों के एक साथ आने पर खुशी जताई है, क्योंकि इस जुड़ाव के बाद NCPI अब एनडीए गठबंधन के भीतर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर चुकी है। बंदोपाध्याय ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि विपक्षी दलों द्वारा हमारी सदस्यता रद्द कराने की जो कोशिशें की जा रही थीं, अब हम उन सभी तनावों से पूरी तरह मुक्त हैं। सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में NCPI पूरी तरह से एनडीए के फैसलों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी।
