शरद पवार पहुंचे अस्पताल, डिहाइड्रेशन की शिकायत, इस महीने दूसरी बार कराए गए भर्ती; बेटी सुप्रिया ने दी ये जानकारी

85 वर्षीय शरद पवार को इसी महीने की शुरुआत में भी अस्पताल ले जाया गया था। तब उन्हें खांसी और सांस लेने के दौरान होने वाले सीने के दर्द (प्ल्यूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया था।

एनसीपी शरद गुट के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार को एक बार फिर दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने इस बारे में जानकारी दी है। शरद पवार के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए शरद पवार ने बताया कि उन्हें डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। बता दें कि हाल ही में सीने और सांस से जुड़े संक्रमण के कारण भी शरद पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शरद पवार की बिगड़ी तबियत

शरद पवार की बिगड़ी तबियत

सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि "बाबा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रही हूं। शायद उन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है। उन्हें अब कम काम करने और कम यात्रा करने के साथ ही ज्यादा आराम करने की जरूरत है। लेकिन बाबा सुनते ही नहीं। उन्हें अपना काम बहुत पसंद है।'

बैठक बीच में छोड़कर अस्पताल पहुंचीं सुप्रिया सुले

बता दें कि जब गुरुवार को शरद पवार की तबीयत गड़बड़ हुई तब सुप्रिया सुले नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय में मौजूद थीं। वहां प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने एक बैठक बुलाई थी। लेकिन जैसे ही उन्हें शरद पवार के बारे में पता चला वह बैठक बीच में ही छोड़कर निकल गईं।

पहले भी अस्पताल में भर्ती हुए थे शरद पवार

इससे पहले 85 वर्षीय शरद पवार को इसी महीने की शुरुआत में भी अस्पताल ले जाया गया था। तब उन्हें खांसी और सांस लेने के दौरान होने वाले सीने के दर्द (प्ल्यूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया था। फिलहाल उन्हें डिहाइड्रेशन की शिकायत के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों और पार्टी नेताओं की नजर बनी हुई है।

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed