संसद के मानसून सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में काफी हंगामा हुआ, जहां विपक्षी नेताओं ने कुछ देर के लिए वॉकआउट भी कर लिया। वहीं इस बैठक के बाद बाद एक बेहद खास तस्वीर सामने आई है। दरअसल, बैठक के बाद निकलते समय सुप्रिया सुले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के पैर छूते नजर आईं। इस वाकये के बाद कई तरह की सियासी अटकलें भी लगनी शुरू हो गई हैं।
जब सुप्रिया सुले ने छुए राजनाथ सिंह के पैर
कल से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक के बाद निकलते समय एनसीपी शरद पवार गुट की नेता सुप्रिया सुले ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पैर छुए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में राजनाथ सिंह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा बैठक के बाद कुछ लोगों के साथ बाहर जाते दिखते हैं, तभी पीछे से सुप्रिया सुले आती हैं और वे राजनाथ सिंह के पैर छूती हैं। इस दौरान दोनों के बीच कुछ बातचीत भी होती है।
क्या एनडीए में शामिल होंगी सुप्रिया सुले?
उनका ये वीडियो तब सामने आया है, जब एक दिन पहले ही उन्होंने एनडीए में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शनिवार को एनडीए में शामिल होने और एनसीपी में विलय की कई दिनों से चल रही अटकलों को खारिज कर दिया था। उन्होंने साफ किया था कि न को उन्हें और न ही पार्टी के किसी अन्य नेता को किसी भी राजनैतिक दल से शामिल होने या विलय के संबंध में कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- 'देश चाहता है संसद चले, सबकी है लोकसभा', सर्वदलीय बैठक के बाद किरेन रिजिजू ने विपक्षियों से की खास अपील
सर्वदलीय बैठक में विधायी एजेंडे और कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा
इससे पहले सर्वदलीय बैठक में सरकार के विधायी एजेंडे और कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। हालांकि तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) में बगावत से संबंधित मामलों को लेकर ’संपूर्ण विपक्ष’ ने बैठक से कुछ देर के लिए वाकआउट किया। विपक्ष ने विरोध जताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों की बगावत के मामले में अंतिम निर्णय अभी लंबित है तो फिर इस गुट को नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के रूप में बैठक में आमंत्रित किया जाना उचित नहीं है।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू, कांग्रेस नेता जयराम रमेश, प्रमोद तिवारी और कोडिकुनिल सुरेश, समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।
मानसून सत्र 20 जुलाई से आरंभ होगा और इसके 13 अगस्त तक चलने की संभावना है। संसद के प्रत्येक सत्र से पहले होने वाली इस बैठक में सरकार आमतौर पर अपने विधायी कार्यक्रम की जानकारी देती है और सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग का आग्रह करती है।
