देश

सद्गुरु सन्निधि बेंगलुरू में मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, NCC कैडेट से लेकर स्थानीय लोग हुए शामिल

एयर कमोडोर एसबी अरुणकुमार ने सद्गुरु सन्निधि में सामुदायिक योग हॉल का भी वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें आज से आम जनता के लिए हर दिन निःशुल्क योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। पूरे वर्ष में हर दिन सुबह 10:30 बजे से शाम 6 बजे तक ईशा-प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा 30 मिनट के सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Image

आदियोगी में योग का एक दृश्य

सद्गुरु सन्निधि बेंगलुरू में 21 जून एक बड़े कार्यक्रम के साथ 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में कर्नाटक और गोवा एनसीसी निदेशालय के उप महानिदेशक एयर कमोडोर एसबी अरुणकुमार वीएसएम और लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेता और मॉडल श्रीनिधि शेट्टी ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।

चिक्काबल्लापुरा के 20 कॉलेजों से 5 कर्नाटक बटालियन के लगभग 1,000 एनसीसी कैडेट, भारतीय सेना के मद्रास इंजीनियरिंग कोर (एमईजी) के 200 सैनिक, सहायक प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 120 जवान और 2 अधिकारी आदियोगी की उपस्थिति में ईशा हठ योग शिक्षकों के नेतृत्व में योग सत्रों में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के दौरान ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु ने कहा- "योग एक विज्ञान है और यदि आप चाहें तो यह एक कला रूप है, जिसके साथ आप अपनी व्यक्तिगत प्रकृति को उसकी अंतिम संभावना तक प्रकट कर सकते हैं और एक सचेत ग्रह भी बना सकते हैं।"

सद्गुरु सन्निधि में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए एयर कमोडोर एसबी अरुणकुमार ने सभी नागरिकों से योग को जीवनशैली के तौर पर अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ एक “शारीरिक व्यायाम” नहीं है, बल्कि एक “समग्र अभ्यास” है जो शरीर और मन को तरोताजा कर देता है। उन्होंने कहा- “यह हमें याद दिलाता है कि हम सभी दुनिया भर में एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और योग के माध्यम से हम बाधाओं को पार कर सकते हैं और एक वैश्विक परिवार के रूप में एक साथ आ सकते हैं, जैसा कि हम सभी आज यहां हैं।”

केजीएफ फेम की लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेत्री श्रीनिधि शेट्टी ने कहा कि लोग "आंतरिक रूप से आनंदित रहने के लिए" नियमित रूप से योग का अभ्यास करें। इस दौरान एयर कमोडोर एसबी अरुणकुमार ने सद्गुरु सन्निधि में सामुदायिक योग हॉल का भी वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें आज से आम जनता के लिए हर दिन निःशुल्क योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। पूरे वर्ष में हर दिन सुबह 10:30 बजे से शाम 6 बजे तक ईशा-प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा 30 मिनट के सत्र आयोजित किए जाएंगे। सत्र पांच भाषाओं में आयोजित किए जाएंगे। जिसमें कन्नड़, तेलुगु, तमिल, हिंदी और अंग्रेजी शामिल है।

इस बीच, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में, ईशा ने पूरे भारत में 1,400 से अधिक निःशुल्क योग सत्र आयोजित किए। योग दिवस से पहले आयोजित इन कार्यक्रमों में 160,000 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया। ये कार्यक्रम इसरो, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, आईआईटी मद्रास और फॉक्सकॉन सहित अन्य प्रमुख संस्थानों में आयोजित किए गए। इस समारोह में आज कोयंबटूर के ईशा योग केंद्र में आदियोगी के सामने आयोजित योग सत्र में सीआरपीएफ के सैकड़ों जवानों ने भाग लिया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article