5 लाख टैबलेट, कैप्सूल और सिरप की बोतलें... दिल्ली में NCB की रेड से खुला तस्करी का बड़ा खेल

एनसीबी ने दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फैले प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। चेनानी में बस से करीब 7 किलो कोडीन कफ सिरप बरामद होने के बाद जांच दिल्ली तक पहुंची। शाहदरा के एक गुप्त गोदाम से 5 लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें जब्त की गईं। मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

दिल्ली से कश्मीर घाटी तक प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने भंडाफोड़ किया है। जांच एजेंसी ने दिल्ली और जम्मू में कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराए के मकान में चल रहे एक गुप्त गोदाम का भी पता चला, जहां से 5 लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गई हैं। जब्त दवाओं में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं।

syrup news

दिल्ली के शाहदरा के गोदाम से मिलीं 5 लाख से ज्यादा प्रतिबंधित दवाएं। ANI

चेनानी में बस से पकड़ी गई कोडीन कफ सिरप की खेप

NCB की जम्मू जोनल यूनिट को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 16 नवंबर 2026 की सुबह उधमपुर जिले के चेनानी में मड़ा टोल प्लाजा के पास एक यात्री बस को रोका गया। यह बस श्रीनगर की ओर जा रही थी। तलाशी के दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब 7 किलो कोडीन बेस्ड कफ सिरप (CBCS) बरामद किया गया।

End of Feed