Maharashtra SIR: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शुक्रवार को विवाद गहरा गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई के खारघर इलाके की एक फोटो कॉपी की दुकान से एसआईआर से जुड़े 3400 फॉर्म मिलने के बाद पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निलंबित किया गया। इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।
फोटो कॉपी दुकान में मिले एसआईआऱ फॉर्म (फोटो साभार: @atullondhe)
मामले की जांच में जुटे अधिकारी
पुलिस ने बताया कि शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं का एक आदमी से सामना हुआ, जिसके बारे में उनका दावा था कि वह भाजपा की युवा शाखा का पदाधिकारी है, जो कथित तौर पर खारघर इलाके की एक दुकान पर एसआईआर फॉर्म की फोटो कॉपी करा रहा था। वहीं, पनवेल के एक भाजपा नेता ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।
यह मामला गुरुवार को तब सामने आया जब इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद प्रशासन ने इस बात की जांच शुरू की कि मतदाताओं द्वारा भरे गए एसआईआर फॉर्म एक निजी फोटो कॉपी सेंटर तक कैसे पहुंचे।
पुलिस मौके पर पहुंची और कथित भाजपा पदाधिकारी को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने दुकान से बड़ी तादाद में प्रिंट किए गए एसआईआर फॉर्म भी जब्त किए और उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कर्नाटक में बड़ा सियासी उलटफेर, मंत्री नागेंद्र ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच दूसरी बार दिया इस्तीफा
हालांकि, शिवसेना (UBT) कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूछताछ के लिए खारघर थाने लाए जाने के कुछ समय बाद ही हिरासत में लिया गया भाजपा युवा नेता वहां से फरार हो गया। इस बीच, विपक्षी राकांपा (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि केवल बीएलओ का निलंबन काफी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना ने एसआईआर प्रक्रिया के संचालन के तरीके की पोल खोल दी है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे कई अन्य मामले भी हो सकते हैं जो अभी सामने नहीं आए हैं, इसलिए निर्वाचन आयोग को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
रायगढ़ के जिला कलेक्टर किशन जावले ने शुक्रवार को बताया कि सूरज पाटिल के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पनवेल विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से संबंधित एसआईआर फॉर्म दुकान में मिलने के बाद की गई। जावले ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पनवेल के उप-विभागीय अधिकारी पवन चांडक के कार्यालय का दौरा भी किया। उन्होंने बताया कि पांच बीएलओ को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
