देश

सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से वापसी पर मंडरा रहा बड़ा खतरा! महज 96 घंटे की रहेगी ऑक्सीजन, स्पेसक्रॉफ्ट के जलने का भी अंदेशा

Sunita Williams: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी 'नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन' के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बोइंग स्टारलाइनर लंबे समय से अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं और अब अमेरिकी सैन्य अंतरिक्ष प्रणालियों के पूर्व कमांडर रूडी रिडोल्फी वापसी को लेकर उत्पन्न होने वाले कथित खतरे की आशंका व्यक्त की है।

Image

सुनीता विलियम्स (फोटो साभार: NASA)

KEY HIGHLIGHTS
  • सुनीता विलियम्स ने 5 जून को भरी थी उड़ान।
  • 8 दिनों बाद होने वाली थी वापसी।
  • दो महीने से स्पेस में फंसे हैं दोनों अंतरिक्ष यात्री।

Sunita Williams: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी 'नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन' (NASA) की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स लंबे समय से अंतरिक्ष में फंसी हुई हैं और घर वापसी का इंतजार कर रही हैं। इस बीच सुनीता विलियम्स को लेकर एक चौंका देने वाली जानकारी सामने आ रही है। दरअसल, अंतरिक्ष यात्रियों के सामने एक बड़ी मुसीबत खड़ी हो सकती है। ऐसा न हो कि उनकी जान पर भी बन आए।

क्या है माजरा?

कहा जा रहा है कि अगर सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री अगर बोइंग स्टारलाइनर से वापस धरती पर आते हैं तो दोनों की जान को खतरा हो सकता है। हाल ही प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य अंतरिक्ष प्रणालियों के पूर्व कमांडर रूडी रिडोल्फी ने बताया कि अगर बोइंग स्टारलाइनर वायुमंडल में पुन: प्रवेश करता है तो बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है। दरअसल, रूडी रिडोल्फी ने स्टारलाइनर से वापसी को लेकर संभावित खतरों का अंदेशा जताया है।

उनका मानना है कि अगर अंतरिक्ष यान के पुन: प्रवेश में किसी प्रकार की कोई समस्या हुई तो बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। अगर थ्रस्टर में खराबी आ गई तो बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष में फंस सकता है। उस स्थिति में दोनों अंतरिक्ष यात्रियों के पास महज 96 घंटे की ऑक्सीजन ही रहेगी।

इसके अतिरिक्त रूडी रिडोल्फी ने आशंका जताई कि अगर अंतरिक्ष यान गलत कोण के साथ वापसी करता है तो कैप्सूल के जलने का खतरा बना रहेगा। जिससे अंतरिक्ष यात्रियों की जान पर बन सकती है।

कब भरी थी उड़ान?

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने बोइंग स्टारलाइनर की मदद से 5 जून को अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी। दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को 8 दिनों बाद वापस धरती पर लौटना था, लेकिन तकनीकी समस्याओं की वजह से पिछले दो माह उनकी वापसी नहीं हो पाई है।

अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी पर होगा फैसला

नासा आज यह फैसला कर सकती है कि बोइंग के नए कैप्सूल से दोनों अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी हो सकती है या नहीं। नासा प्रशासक बिल नेल्सन और अन्य शीर्ष अधिकारियों की शनिवार को होने वाली बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया जा सकता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article