Namo Bharat Rapid Rail: नमो भारत रैपिड ट्रेन मेरठ दक्षिण स्टेशन तक चलने के बाद इस साल के अंत तक दिल्ली में भी दौड़ेगी। NCRTC ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरआरटीएस का प्राथमिक खंड साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किलोमीटर लंबा है। पीएम मोदी ने अक्टूबर 2023 में इस रेल खंड का उद्घाटन किया था। इसके बाद मार्च 2024 से 17 किलोमीटर लंबे एक और खंड को शुरू किया गया था।
दिल्ली में भी दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन
बता दें, वर्तमान में यात्रियों के लिए 34 किलोमीटर लंबे खंड पर ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। एनसीआरटीसी ने मेरठ दक्षिण स्टेशन तक ट्रेन को यात्रियों के लिए चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। मोदीनगर नॉर्थ स्टेशन से ट्रेन मेरठ दक्षिण स्टेशन तक और चलेगी। इसके लिए सिस्टम अपग्रेड कर दिया है। फिलहाल ट्रेन को ट्रायल के लिए चलाया जा रहा है। इस माह के अंत तक नमो ट्रेन मेरठ दक्षिण स्टेशन तक चलेगी। इस तरह ट्रेन लगभग 42 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर चलेगी।
दिल्ली में भी जल्द दौड़ेगी रैपिड रेल
नमो रैपिड रेल के लिए दिल्ली और गाजियाबाद के भूमिगत खंड में चार सुरंग बनाई गई हैं। चारों सुरंग का निर्माण कार्य हो गया है। दो सुरंग आनंद विहार स्टेशन से न्यू अशोक नगर स्टेशन की दिशा में बनाई हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने गाजियाबाद खंड में सुरंग बनने के बाद उससे बाहर निकलने के लिए रैंप का निर्माण भी पूरा कर लिया है। इससे आनंद विहार भूमिगत स्टेशन साहिबाबाद की ओर एलिवेटेड खंड से जुड़ गया है।
साहिबाबाद में रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम ट्रेन के लिए बनाए रैंप का निर्माण कार्य पूरा हो गया। रैंप से होकर ही साहिबाबाद की ओर के एलिवेटेड से ट्रेन भूमिगत और भूमिगत खंड की ओर से आने वाली ट्रेन एलिवेटेड खंड पर पहुचेंगी। एनसीआरटीसी के CPRO पुनीत वत्स ने कहा कि दिल्ली में तेजी से कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरठ दक्षिण स्टेशन तक ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके बाद दिल्ली में ट्रेन का परिचालन शुरू होगा।
