Sonia Gandhi book: कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव' में अपने जीवन एवं राजनीति से जुड़े कई पहलुओं पर बात तो की ही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में भी अपनी राय रखी है। सोनिया ने कहा है कि पीएम मोदी के साथ उनका संपर्क न के बराबर है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि बावजूद इसके भारतीय जनता पार्टी के इस नेता के साथ कुछ चीजें मेल खाती हैं। सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को रिलीज हो रही है।
सोनिया गांधी ने लिखी है- 'बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव' । तस्वीर-AI
'मेरा उनसे लगभग कोई वास्तविक संपर्क नहीं रहा'
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक किताब में कांग्रेस नेता ने लिखा है, 'आज तक मेरा उनसे लगभग कोई वास्तविक संपर्क नहीं रहा है। हमारी मुलाकातें औपचारिक या अर्ध-आधिकारिक आयोजनों में होती हैं, उदाहरण के लिए लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में। जब भी उनका आमना-सामना मुझसे होता है, तो हम औपचारिक तौर पर नमस्ते करते हैं। यह पहले के दौर से अलग है, जब अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता भी एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते थे। वह अक्सर नजरें फेर लेते हैं और आंखों से संपर्क करने से बचते हैं।'
दुनिया को देखने का नजरिया अलग-अलग-सोनिया
वह स्वीकार करती हैं कि उनकी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा और दुनिया को देखने का नजरिया अलग-अलग है। वह लिखती हैं, 'वह भारत को लेकर अपने दृष्टिकोण के लिए संघर्ष कर रहे थे और मैं अपने दृष्टिकोण के लिए। मेरा भारत ऐसा है जो किसी के वर्चस्व के खिलाफ खड़ा हो और समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता तथा सामाजिक न्याय का पक्षधर हो। यह कोई व्यक्तिगत मामला नहीं था।' हालांकि, उन्हें प्रधानमंत्री के साथ कुछ समानताएं भी नजर आती हैं।
'मोदी ने सत्ता के शीर्ष तक अपना रास्ता बनाया'
वह लिखती हैं, 'आज के दौर के सत्ताधारी अभिजात वर्ग के प्रति उनकी असहजता के कुछ पहलू ऐसे थे, जिन्हें मैं भी अच्छी तरह समझती थी। दिल्ली के किसी ड्राइंग रूम में राजनीतिक चर्चा के दौरान मैं भी अक्सर असहज महसूस करती थी। मुझे लगता था कि वहां व्यक्त किए जा रहे विचार भारत की वास्तविकता से बहुत दूर हैं।' वह यहां तक स्वीकार करती हैं कि, 'उन्होंने निश्चित रूप से आरएसएस के भीतर एक वंचित पृष्ठभूमि से निकलकर सत्ता के शीर्ष तक अपना रास्ता बनाया।'
किताब में निजी अनुभवों को भी जगह दी गई है
किताब में सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, प्रेम और शादी तक की कहानी शामिल है। इसके अलावा भारत आने के बाद एक नए परिवार, नई संस्कृति और नए देश में खुद को ढालने के अनुभवों का भी जिक्र है। किताब में इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्ते, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की परवरिश और गांधी परिवार के भीतर के निजी अनुभवों को भी जगह दी गई है।
