Muslim Population In India: भारत में कुल कितनी मुस्लिम आबादी है? इसे लेकर हमेशा से बहस होती रही है। सड़क से संसद तक सवाल जवाब होते रहे हैं। अब मॉनसून सत्र के दौरान मोदी सरकार ने लोकसभा में डाटा देकर बता दिया है कि देश में कुल कितने मुसलमान है।
भारत में मुसलमानों की आबादी
देश में 2023 में मुसलमानों की संभावित जनसंख्या 19.75 करोड़ होगी। सरकार ने लोकसभा को यह जानकारी दी। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस सदस्य माला रॉय के प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि जनगणना 2011 के अनुसार देश में मुसलमानों की जनसंख्या 17.22 करोड़ है जो देश की कुल आबादी का 14.2 प्रतिशत है।
लोकसभा में पेश डाटा
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग के तहत जनसंख्या पूर्वानुमान के लिए गठित तकनीकी समूह की जुलाई 2020 की रिपोर्ट के अनुसार 2023 में देश की संभावित आबादी 138.82 करोड़ है। जनगणना 2011 की तरह 14.2 प्रतिशत के उक्त अनुपात को लागू करते हुए 2023 में मुसलमानों की संभावित आबादी 19.75 करोड़ रहने का अनुमान है।
विपक्ष पर सरकार का हमला
विपक्षी सदस्यों ने शुक्रवार को लोकसभा में मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के करीब पांच मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। स्थगन से पहले, सदन के उप नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मणिपुर की घटना पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष गंभीर दिखाई नहीं पड़ता है।
