पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून के खिलाफ जारी हिंसा को शांत करने के लिए केंद्र सरकार ने अतिरिक्त बलों की तैनाती का आदेश दे दिया है। आज ही कलकत्ता हाईकोर्ट ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर सुनवाई करते हुए सख्त टिरप्पणी की थी और केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश दिया था। जिसके बाद अब केंद्रीय गृहमंत्रालय ने बीएसएफ के 300 जवानों के साथ-साथ पांच अतिरिक्ट कंपनियों को तैनात करने का आदेश दिया है। वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार मुर्शिदाबाद हिंसा में अबतक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से दो पिता-पुत्र हैं।
केंद्रीय गृह सचिव ने की बंगाल के मुख्य सचिव से बात
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा को देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने आज पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस पर बात की। पश्चिम बंगाल के डीजीपी ने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में है और इसकी कड़ी निगरानी की जा रही है। डीजीपी ने यह भी कहा कि वह स्थानीय स्तर पर तैनात बीएसएफ की सहायता ले रहें है और 150 से अधिक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश
केंद्रीय गृह सचिव ने कहा कि मुर्शिदाबाद में स्थानीय रूप से उपलब्ध बीएसएफ के लगभग 300 कर्मियों के अलावा, राज्य सरकार के अनुरोध पर 5 कंपनियों को तैनात किया गया है। केंद्रीय गृह सचिव ने राज्य प्रशासन को अन्य संवेदनशील जिलों पर भी कड़ी नजर रखने के लिए कहा और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम उठाने की सलाह दी। केंद्रीय गृह सचिव ने यह भी कहा कि केंद्र भी स्थिति पर निगरानी रखें हुए है और यह आश्वासन दिया कि यदि आवश्यक हो तो अतिरिक्त केंद्र सुरक्षा बल की तैनाती सहित राज्य को हर संभव सहायता दिया जाएगा।
