देश

MP: लोडर से बांध दो लड़कों को पीटा और घसीटा, कांग्रेस नेता बोले- 'तालिबानी तरीके' पर PM-CM कुछ करिए

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 29, 2022, 07:41 PM IST

घटना से जुड़े वायरल वीडियो में दोनों लड़के रस्सी के जरिए गाड़ी से बंधे निढाल पड़े थे। वहां मौजूद कुछ लोग उन दोनों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। साथ ही उनसे पूछा जा रहा था कि चोरी की नकदी कहां है? वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि अचानक गाड़ी चल पड़ती है और दोनों लड़के जमीन पर कुछ दूर तक घिसटते हैं, तभी तमाशबीन शोर मचाकर गाड़ी रुकवा देते हैं।

Image

यह पूरा मामला इंदौर का है। दो नाबालिग लड़कों को गाड़ी से यूं बांधकर घसीटा गया था। (सोर्स: @KKMishraINC)

Photo : Twitter

मध्य प्रदेश के इंदौर में चोरी के इल्जाम में दो नाबालिग लड़कों को गाड़ी से बांधकर पीटा और फिर घसीटा गया। मामला शनिवार (29 अक्टूबर, 2022) का है, जिससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, वहां की एक सब्जी मंडी में कुछ लोगों ने नकदी चोरी के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को कथित रूप से बंधक बना लिया था और फिर इस तरह प्रताड़ना दी।

मामले से जुड़ी एक मिनट चार सेकेंड की इस क्लिप में माल लाने-ले-जाने वाले लोडर/वाहन के पिछले हिस्से से दो लड़के बांधे नजर आ रहे थे। वे इस दौरान जमीन पर बेसुध पड़े थे। ऐसा लग रहा था कि इससे पहले उनकी बुरी तरह पिटाई की गई है। आसपास भीड़ जुटी थी, जबकि एकदम से वाहन आगे बढ़ जाता और वे उसी के पिछे रस्सी के सहारे खिंचे-खिंचे चले गए। दोनों लड़के इस दौरान दर्द से कराह रहे थे, जबकि भीड़ में से कुछ लोग उन्हें गालियां देते और हड़काते नजर आए। साथ ही उनसे पूछा जा रहा था कि चोरी की नकदी कहां है?

वहीं, म.प्र कांग्रेस कमेटी में मीडिया विभाग के चेयरमैन केके मिश्रा ने घटना से जुड़ा वीडियो टि्वटर पर शेयर किया और कहा- मोबाइल चोरी के शक में इंदौर में समानांतर न्याय व्यवस्था दिखी। युवक को तालिबानी तरीकों से पीटा! चार पहिया वाहन से बांध कर घसीटा भी...सीएम शिवराज सिंह चौहान और पीएम नरेंद्र मोदी कुछ करिए...।

उधर, सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) निहित उपाध्याय ने पीटीआई-भाषा को बताया कि खंडवा जिले के कारोबारी सुनील वर्मा माल ढुलाई के छोटे वाहन से प्याज की बोरियां लेकर इंदौर की देवी अहिल्याबाई होलकर फल-सब्जी मंडी पहुंचे थे। 13 साल और 17 साल की उम्र वाले नाबालिग लड़कों पर आरोप है कि उन्होंने इस गाड़ी में रखी नकदी चुरा ली।एसीपी ने कहा,"नाबालिग लड़कों के साथ लोगों का बर्ताव सरासर आपत्तिजनक है। घटनाक्रम का वीडियो देखकर इन लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।’’

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article