Cyclone Dana: साइक्लोन दाना की एंट्री भले ही अभी भारत में नहीं हुई हो, लेकिन उसका असर अब दिखने लगा है। इस चक्रवात के कारण भारतीय रेलवे ने 150 से ज्यादा ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। चक्रवात दाना का असर सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल और ओडिशा में देखने को मिलेगा। दोनों ही राज्यों में निचले इलाके से लोगों को निकाले का काम शुरू कर दिया गया है।
चक्रवात के कारण 150 से ज्यादा ट्रेनें कैंसिल
गंभीर चक्रवाती तूफान के 25 अक्टूबर को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से टकराने की आशंका के मद्देनजर दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) क्षेत्र से गुजरने वाली 150 से अधिक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रद्द की गई ट्रेन में हावड़ा-सिकंदराबाद फलकनुमा एक्सप्रेस, कामाख्या-यशवंतपुर एसी एक्सप्रेस, हावड़ा-पुरी शताब्दी एक्सप्रेस, हावड़ा-भुवनेश्वर शताब्दी एक्सप्रेस और हावड़ा-यशवंतपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।

train cancel list
और ट्रेनें हो सकती हैं रद्द
एसईआर के अधिकारी ने कहा कि रद्द की गई ट्रेन 23 से 25 अक्टूबर तक अपने शुरुआती स्टेशनों से प्रस्थान करने वाली थीं। जरूरत पड़ने पर दक्षिण पूर्व क्षेत्र से गुजरने वाली औरभी ट्रेन रद्द की जा सकती हैं। कोलकाता मुख्यालय वाले एसईआर क्षेत्र में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड आदि आते हैं।

train cancel
ओडिशा और बंगाल में क्या है तैयारी
गंभीर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ से निपटने की तैयारियों में जुटे ओडिशा और पश्चिम बंगाल में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने और शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का फैसला किया गया है। दोनों ही राज्यों में निचले इलाके से लोगों को निकालने का काम शुरू हो गया है।

train cancel (2)
मौसम विभाग ने क्या कहा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पुरी से लेकर पश्चिम बंगाल तट तक पूरे पूर्वी तट के चक्रवाती तूफान ‘दाना’ से प्रभावित होने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने और 25 अक्टूबर की सुबह पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और दक्षिणी पश्चिम बंगाल के तटों को पार करने की आशंका है। इस दौरान, 100-110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जो 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।
भारतीय तटरक्षक बल भी तैयार
भारतीय तटरक्षक बल ने मंगलवार को कहा कि वह ‘हाई अलर्ट’ पर है और उसने चक्रवाती तूफान से उत्पन्न होने वाली किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अपने जहाजों और विमानों को तैनात कर दिया है। तटरक्षक बल ने मछुआरों और नाविकों को नियमित मौसम चेतावनी और सुरक्षा सलाह प्रसारित करने के लिए पश्चिम बंगाल के हल्दिया और ओडिशा के पारादीप में हेलीकॉप्टर एवं ‘रिमोट ऑपरेटिंग स्टेशन’ तैनात किए हैं।
