LIVEMorbi Pul Hadsa: पीएम मोदी ने मोरबी घटना स्थल का किया दौरा, अस्पताल में घायलों से मिले, की उच्च स्तरीय बैठक

Morbi Pul Hadsa: पीएम मोदी ने मोरबी घटना स्थल का किया दौरा, अस्पताल में घायलों से मिले, की उच्च स्तरीय बैठक
Gujarat Morbi Bridge Collapse: पीएम मोदी आज मोरबी पहुंचे और घटना स्थल का दौरा किया। अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले। मोरबी में मच्छु नदी में पूरी रात राहत और बचाव का काम चलता रहा जो आज भी जारी है। अब भी नदी में लोगों की तलाश के लिए NDRF, SDRF, सेना, कोस्ट गार्ड के जवान लगे हुए हैं। रात में नदी से जब ब्रिज के टूटे हुए हिस्सों को निकाला गया तब उसमें से भी कई शव मिले जिसकी वजह से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ गया। कल शाम करीब साढ़े 6 बजे हादसा उस समय हुआ जब क्षमता से अधिक लोग अचानक इस 150 साल पुराने पुल पर चले गए। पुल पर लोगों का दबाव बढ़ते ही पूरा का पूरा पुल मच्छु नदी में समा गया। जहां पर ये पुल है वह नदी करीब 15 फीट गहरी है। हादसे के बाद कुछ लोग तैर कर बाहर निकल आए और कुछ लोग पुल के टूटे हिस्से में फंस कर रह गए। प्रशासन ने मोरबी की घटना में खोए लोगों के बारे में पूछताछ के लिए हेल्पलाइन नंबर- 02822-243300 जारी किया है। इस हादसे से जुड़े तमाम अपडेट्स हम आपको यहां दे रहे हैं-
मोरबी हादसे के पीड़ितों के परिवारों से मिले पीएम
पीएम मोदी ने की उच्च स्तरीय बैठक
गुजरात के मोरबी में पुल गिरने की घटना पर पीएम मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की उच्च स्तरीय बैठक की।
मोरबी सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों से मिले पीएम नरेंद्र मोदी
मोरबी एसपी कार्यालय पहुंचे पीएम मोदी
पीएम मोदी मोरबी में केबल ब्रिज ढहने वाली जगह का दौरा करने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले। फिर गुजरात के मोरबी में एसपी कार्यालय पहुंचे।
पीएम मोदी ने मोरबी में पुल दुर्घटना स्थल का दौरा किया, घायलों से की मुलाकात
पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मोरबी में पुल दुर्घटना स्थल का दौरा कर वहां जारी तलाशी तथा बचाव अभियान की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने एक अस्पताल में घायलों से मुलाकात भी की। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को हादसे के बाद राहत अभियान के बारे में जानकारी दी। रविवार को इस पुल के मच्छु नदी में गिरने से 135 लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री ने मौके पर पहुंचने से पहले इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया। यह पुल दरबारगढ़ पैलेस को स्वामीनारायण मंदिर से जोड़ता था। प्रधानमंत्री दरबारगढ़ पैलेस पहुंचे जहां अधिकारियों ने उन्हें हादसे की जानकारी दी और पुल गिरने के संभावित कारणों के बारे में बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक अस्पताल में मोरबी पुल हादसे के घायलों से मुलाकात की। वह मोरबी सिविल अस्पताल में भर्ती कम से कम छह घायलों से मिले।
मोरबी में केबल ब्रिज ढहने वाली जगह का पीएम मोदी ने किया दौरा
मोरबी हादसे वाली जगह पर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में घटना स्थल का लिया जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मोरबी में घटना स्थल का जायजा लिया, जबकि माच्छू नदी में खोज और बचाव अभियान जारी है। इस घटना में अब तक मरने वालों की संख्या 135 हो गई है। पीएम अस्पताल में घायलों से भी मिलेंगे।
मोरबी पुल हादसे के पीड़ितों को दी गई अनुग्रह राशि
मोरबी पुल ढहने पर गुजरात आपदा प्रबंधन मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिवारों को 4 लाख रुपए और पीएमएनआरएफ से प्रत्येक को 2 लाख रुपए, प्रत्येक घायल को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि दी गई। 17 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। 2 लोग लापता हैं।
मोरबी हादसा, भ्रष्टाचार का नतीजा- केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि मोरबी पुल हादसा गुजरात में व्यापक भ्रष्टाचार का नतीजा है।उन्होंने कहा कि पीड़ितों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं।गौरतलब है कि गुजरात के मोरबी में मच्छु नदी पर बना ब्रिटिश युग का पुल रविवार को टूट गया था, जिसमें अभी तक 134 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।केजरीवाल ने गुजरात सरकार के सत्ता छोड़ने और राज्य में तत्काल विधानसभा चुनाव कराने की मांग भी की।केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ मोरबी पुल हादसा व्यापक भ्रष्टाचार का नतीजा है। पीड़ितों के साथ मेरी दुआएं हैं। एक घड़ी बनाने वाली ऐसी कंपनी को पुल निर्माण का ठेका क्यों दिया गया, जिसे इसका कोई अनुभव नहीं था?’’आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख ने कहा कि गुजरात में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) संघर्ष कर रही है क्योंकि आगामी चुनाव में ‘आप’ उसे चुनौती देने वाली है।
मोरबी केस की सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि वह गुजरात के मोरबी में पुल गिरने की घटना की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित करने संबंधी जनहित याचिका पर 14 नवंबर को सुनवाई करेगा।मोरबी में मच्छु नदी पर बना ब्रिटिश युग का पुल रविवार को टूट कर गिर गया था। ताजा खबरों के अनुसार इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 134 तक पहुंच गई है।प्रधान न्यायाधीश उदय उमेश ललित और न्यायमूर्ति बेला एम. त्रिवेदी की पीठ के समक्ष वकील विशाल त्रिवेदी ने कहा कि उनकी जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई की जानी चाहिए। इस पर पीठ ने कहा, “आप क्या चाहते हैं।”वकील ने कहा, “मैं उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश के नेतृत्व में एक आयोग से न्यायिक जांच कराने की अपील कर रहा हूं। पीठ ने कहा कि जनहित याचिका को 14 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।तिवारी ने जनहित याचिका में कहा कि दुर्घटना के कारण पुल गिरा, जिसके परिणामस्वरूप 134 से अधिक लोग हताहत हुए। यह सरकारी अधिकारियों की लापरवाही और पूरी तरह से उनकी विफलता को दर्शाता है।
यूएन महासचिव ने भी जताया दुख
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने गुजरात के मोरबी शहर में हुए पुल हादसे पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ितों और घायलों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।सौराष्ट्र क्षेत्र के मोरबी शहर में बने एक सदी से भी अधिक पुराने पुल को व्यापक मरम्मत और नवीनीकरण के बाद पांच दिन पहले ही आम लोगों के लिए फिर से खोला गया था। रविवार शाम को इस पर भीड़ अधिक होने के कारण पुल टूट गया और हादसे में अब तक 134 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, “गुजरात के मोरबी में पुल के गिरने की दुखद खबर से महासचिव बेहद दुखी हैं।”बयान में कहा गया है कि गुतारेस ने पीड़ितों के परिजनों, साथ ही भारत सरकार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष क्साबा कॉरोसी ने एक ट्वीट में कहा, “भारत के गुजरात में, पुल गिरने की घटना से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और आपातकालीन सेवाओं के साथ हैं।”
दोपहर बाद मोरबी पहुंचेंगे पीएम मोदी
मोरबी हादसे के बाद द्वारका के सुदामा केबल ब्रिज को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही अहमदाबाद के अटल केबल ब्रिज पर एक बार में 3 हजार से अधिक लोग नहीं जा सकते हैं। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी दोपहर 3.45 पर द्वारका पहुंचेंगे।
मोरबी में एक बार फिर बचाव कार्य शुरू
मोरबी पुल हादसा, सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल
गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है।दुर्घटना की रिटायर सुप्रीम कोर्ट के जज के नेतृत्व में एसआईटी बनाने और जांच कराने की मांग की गई।ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके लिए देशभर में जितने भी पुराने पुल या Monument हैं वहां होने वाली भीड को मैनेज करने के लिए नियम बनाने की मांग की गई है।सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने दाखिल की जनहित याचिका दायर की है।
मोरबी हादसे पर जो बाइडेन ने जताया दुख
मोरबी हादसे पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में अमेरिका भी पीड़ित परिवारों के साथ है।
आज मोरबी जाएंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी आज मोरबी जाएंगे। जहां वो पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
मोरबी पुल ढहने पर कांग्रेस ने गुजरात के मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगा
कांग्रेस ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह से इस्तीफा मांगा और कहा कि मोरबी पुल ढहने के मामले की न्यायिक जांच हो। कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने कहा- "इससे कम कुछ भी त्रासदी में जान गंवाने वाले पीड़ितों के लिए न्याय का काम नहीं कर सकता!"
अशोक गहलोत का पीएम पर निशाना
राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा कि आज कांग्रेस की 'परिवर्तन संकल्प यात्रा' की शुरूआत होनी थी लेकिन मोरबी की घटना के बाद हमने इसे स्थगित करना उचित समझा, लेकिन भाजपा के कार्यक्रम जारी हैं। मुझे मोदी जी के कार्यक्रम देखकर दुख हुआ। सरकार को हाई कोर्ट के जज की अध्यक्षता में जांच करानी चाहिए।
मोरबी पुल गिरने से कुछ ही दिन पहले फर्म ने मरम्मत पर दो करोड़ रुपये खर्च करने का दावा किया था
मोरबी नगर निगम ने शहर के ही घड़ियां और ई-बाइक बनाने वाली कंपनी ओरेवा ग्रुप को मच्छु नदी पर बने शताब्दी पुराने तारों से बने पुल की मरम्मत का काम सौंपा था। नगर निगम के सोमवार को मिले दस्तावेजों के अनुसार, ओरेवा ग्रुप को 15 साल तक पुल की मरम्मत करने, उसका संचालन करने और 10 से 15 रुपये प्रति टिकट मूल्य पर टिकट बेचने की अनुमति थी।