देश

देश के 6 और राज्यों में हुई मानसून की एंट्री, जमकर भिगोएगी बारिश, जानिए यूपी-बिहार सहित इन राज्यों का अपडेट

इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। फिर केरल में दो दिन पहले ही 30 मई को पहुंचा। इसके बाद इसकी चाल लगातार बदलती रही।

Image

आगे बढ़ा मानसून

Photo : PTI

Today Monsoon updates: करीब डेढ़ महीने तक प्रचंड गर्मी और हीटवेव के बाद अब मानसून आगे बढ़ चला है। मानसून ने उत्तर भारत के 6 राज्यों में एंट्री कर ली है। अब इसके दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों में पहुंचने की उम्मीद है। मानसून ने 21 जून को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में दस्तक दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार, महाराष्ट्र के बाकी हिस्से और ईस्ट यूपी में अगले 3-4 दिन में मानसून का आगमना हो सकता है। अगले 7-8 दिनों में मानसून पूरे यूपी को कवर कर लेगा।

अभी भी हीटवेव से राहत नहीं

हालांकि, मौसम में हल्के बदलाव के बावजूद हीटवेव से अभी राहत नहीं मिली है। पश्चिमी यूपी के जिलों में आज 22 जून और जम्मू में कल 23 से 26 जून तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। गर्मी से झुलस रही दिल्ली में भी शुक्रवार को राहत भरी बारिश हुई और लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली। आज भी तापमान में कमी आई है। आसमान में बादलों की आंखमिचौली जारी है और कभी धूप कभी छांव का नजारा है।

जून में 77 मिमी बारिश

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, देश में अब तक (1 से 20 जून तक) 77 मिमी बारिश हुई है। हालांकि, यह इस दौरान होने वाली बारिश से 17 प्रतिशत कम है। आम तौर पर 1 से 20 जून तक देश में 92.8 मिमी बारिश हो जाती है। शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा 60 MM बारिश ओडिशा के राउरकेला में हुई। मौसम विभाग ने 22 जून को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।

केरल के बाद मानसून अब तक कहां-कहां पहुंचा

इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। फिर केरल में दो दिन पहले ही 30 मई को पहुंचा। इसने दक्षिण में तमिलनाडु, कर्नाटक और गुजरात, महाराष्ट्र जैसे राज्यों को कवर किया। लेकिन 12 से 18 जून तक मानसून की रफ्तार पूरी तरह थम गई। इसके चलते उत्तर भारत में त्राहिमाम मचा और हीटवेव ने कहर मचाते हुए सैकड़ों लोगों की जान ले ली।

12 जून तक मानसून केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। इसके साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में इसने दस्तक दी। इन इलाकों में जमकर बारिश हुई लेकिन उत्तर और पूर्वी भारत बारिश के लिए तरसता रहा।

18 जून तक मानसून गुजरात के नवसारी, महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत से कम रहेगा। इसका असर भी साफ दिख रहा है और उत्तर भारत अब भी बारिश के इंतजार में है।

यूपी-बिहार में पहुंचने वाला है मानसून

यूपी में छिटपुट बारिश और बादलों के चलते गर्मी थोड़ी कम हुई है। मौसम विभाग ने शनिवार को 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी में 2-3 दिन में मानसून आने की संभावना है। वहीं, बिहार में मानसून की एंट्री होने जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आज पटना, नालंदा, गया, मुंगेर, जहानाबाद समेत पूरे बिहार में बारिश होने की संभावना है। पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article