Rahul Gandhi on Chakravyuh: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बजट पर चर्चा के दौरान केंद्र की मोदी सरकार पर ये आरोप लगाया कि उसने हिंदुस्तान के युवाओं, किसानों और गरीबों को अभिमन्यु की तरह चक्रव्यूह में फंसा दिया है। उन्होंने ये दावा किया अभिमन्यु के वक्त भी छह लोगों ने मिलकर चक्रव्यूह रचा था और आज भी छह लोगों ने मिलकर इसमें हिंदुस्तान को फंसाया है।
राहुल गांधी ने चक्रव्यूह का जिक्र करके सरकार को जमकर कोसा।
संसद राहुल गांधी ने बार-बार चक्रव्यूह का किया जिक्र
राहुल ने लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि सत्तापक्ष चक्रव्यूह बनाता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी एवं विपक्ष चक्रव्यूह तोड़ता है। राहुल गांधी ने कहा, 'हजारों साल पहले अभिमन्यु को चक्रव्यूह में छह लोगों ने फंसा कर मारा था...चक्रव्यूह का दूसरा नाम है- ‘पद्मव्यूह’, जो कमल के फूल के आकार का होता है। इसके अंदर डर और हिंसा होती है।'
पीएम मोदी, अमित शाह के अलावा चार अन्य को घेरा
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के अलावा चार और लोगों का नाम लिया, जिस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आपत्ति जताई। विपक्ष के नेता ने कहा कि अजित डोवल, अंबानी, अडानी और मोहन भागवत का नाम लिया जिसके बाद लोकसभा स्पीकर ने उन्हें तुरंत रोक दिया। राहुल के बयान को लेकर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सदन में जो लोग नही हैं उनका नाम लेना नियम के विरुद्ध है।
'उसी तरह हिंदुस्तान को चक्रव्यूह में फंसा दिया गया'
राहुल गांधी ने दावा किया, '21वीं सदी में एक और चक्रव्यूह तैयार किया गया है... जो अभिमन्यु के साथ हुआ, वही हिंदुस्तान के साथ किया जा रहा है।' कांग्रेस नेता ने कहा, 'अभिमन्यु को चक्रव्यूह में छह लोगों ने घेर कर मारा था। आज भी चक्रव्यूह रचने वाले छह लोग हैं।' उन्होंने दावा किया कि जिस तरह से अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाया गया था उसी तरह हिंदुस्तान को फंसा दिया गया है।
'सेना के जवानों को अग्निपथ के चक्रव्यूह में फंसाया'
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, 'सेना के जवानों को अग्निपथ के चक्रव्यूह में फंसाया गया। बजट में अग्निवीरों को पेंशन के लिए रुपया नहीं दिया गया।' उन्होंने कहा, 'अन्नदाता ने आपके चक्रव्यूह से निकलने के लिए आपसे सिर्फ एक चीज मांगी है कि एमएसपी की कानूनी गारंटी दे दीजिए, लेकिन नहीं दिया गया।'
कांग्रेस नेता ने कहा, 'एमएसपी की कानूनी गारंटी इतना बड़ा काम नहीं है। अगर बजट में इसका प्रावधान कर दिया जाता तो किसान चक्रव्यूह से निकल जाता। ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन की तरफ से मैं कहना चाहता हूं कि हम एमएसपी की कानूनी गारंटी देंगे।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
