देश

दुनिया भर में पाकिस्तान को घेरेगा भारत, मोदी सरकार भेजेगी बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल, कांग्रेस भी होगी हिस्सा

भारत सरकार, आतंक के मामले पर पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा कदम उठाने जा रही है। मोदी सरकार एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल विदेश दौरे पर भेजेगी, जो पाकिस्तान की दुनियाभर में पोल खोलेगा।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

भारत सरकार, पाकिस्तान के साथ हालिया संघर्ष को लेकर अब पाक के खिलाफ बड़ी तैयारी कर रही है। मोदी सरकार दुनिया भर में एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजेगी, जो पाकिस्तान के कारनामो को उजागर करेगी। इस बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल में देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी शामिल होगी।

कांग्रेस का दावा

पहलगाम में आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के बाद एक बड़े कूटनीतिक अभियान के तहत सरकार अगले सप्ताह से विश्व मंच पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को उजागर करने के लिए कई सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों में भेजेगी। सरकार ने विपक्ष सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों से बात की है और कुछ दलों ने कूटनीतिक अभ्यास के लिए अपने सदस्यों की उपस्थिति को भी मंजूरी दे दी है। हालांकि प्रतिनिधिमंडलों या उनके सदस्यों की सही संख्या के बारे में कोई स्पष्टता नहीं है, लेकिन कुछ नेताओं ने कहा कि 30 से अधिक सांसद हो सकते हैं। प्रतिनिधिमंडल 10 दिनों की अवधि के लिए विभिन्न देशों का दौरा करेंगे। सांसद सरकार द्वारा निर्धारित देशों के विभिन्न ब्लॉकों का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) सांसदों को उनके राजनयिक मिशन के लिए रवाना होने से पहले जानकारी देगा। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का कहना है कि वह इस प्रयास का हिस्सा होगी।

'किरेन रीजीजू ने की खड़गे से बात'

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने इस बारे में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बात की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर भारत का रुख समझाने के लिए बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल विदेश भेजने का फैसला किया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा राष्ट्रीय हित के साथ खड़ी होती है और कभी भी भाजपा की तरह राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं करती है। इसलिए, कांग्रेस निश्चित रूप से इन प्रतिनिधिमंडलों का हिस्सा होगी।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ गया था तनाव

बीते 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इसके बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया तथा पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article