Milkipur Bypoll Live: मिल्कीपुर में मतदाताओं में भारी जोश, दोपहर 1 बजे तक 44 फीसदी वोटिंग

उपचुनाव में मिल्कीपुर सीट पर दस उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने चुनाव से दूरी बनाई है। अलबत्ता कांग्रेस ने सपा को समर्थन दिया है। यहां का ताजा अपडेट जानिए।

Milkipur Bypoll Live: अयोध्या जिले के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट से 2022 में समाजवादी पार्टी (सपा) के चिह्न पर अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की थी। प्रसाद ने 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद (अयोध्या) से सांसद चुने जाने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिससे इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी। उप चुनाव में अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जहां एक तरफ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंकी, वहीं राज्‍य के मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भी यहां मतदाताओं को साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जानिए अपडेट -

Milkipur bypoll

मिल्कीपुर उपचुनाव

दोपहर 1 बजे तक 44 फीसदी मतदान

मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है और यहां लोगों में भारी जोश दिख रहा है। दोपहर 1 बजे तक 44.59% मतदान हो चुका है। सुबह 11 बजे तक लगभग 30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। निर्वाचन आयोग के अनुसार पूर्वाह्न 11 बजे तक 29.86 प्रतिशत मतदान हुआ। अयोध्या के जिलाधिकारी सह- जिला निर्वाचन अधिकारी सी. वी. सिंह ने बताया कि मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि मिल्कीपुर विधानसभा के उपचुनाव में पुलिस अधिकारी मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच कर रहे हैं और निर्वाचन आयोग से इन पुलिस अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है। यादव ने एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए पोस्ट कर कहा, निर्वाचन आयोग तुरंत इस समाचार से जुड़ी तस्वीरों का संज्ञान ले कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है, जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।

सांसद अवधेश प्रसाद ने लगाए आरोप

समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, आज चुनाव हो रहा है। मिल्कीपुर का चुनाव मर्यादा पुरुषोत्तम राम की धरती अयोध्या के जनपद मिल्कीपुर का चुनाव है जो मेरा संसदीय क्षेत्र है। मैं देवतुल्य मतदाताओं का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने मुझे अयोध्या का सांसद बनाया और देश-दुनिया में मेरा सम्मान बढ़ाया। बहुत अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि भाजपा की सरकार ने लगातार दबाव डालकर चुनाव को प्रभावित किया। आज जब मतदान हो रहा है तो मुझे सूचना मिल रही है कि हमारे (समाजवादी पार्टी) कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथों से भगाया जा रहा है। हमारे कम से कम 5 कार्यकर्ताओं को बंद कर दिया गया है। भीमराव अंबेडकर के संविधान को चकनाचूर किया जा रहा है और सभी आचार संहिताओं का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।

End of Feed