Microsoft Server Down: माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में शुक्रवार को आई तकनीकी खराबी से दुनिया भर की ऑनलाइन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं।ऑनल सर्वर में आई इस तकनीकी खामी का असर भारत, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन सहित ज्यादातर देशों की ऑनलाइन सेवाओं पर देखने को मिला। इन देशों में एयरलाइन, बैंकिंग, स्वास्थ्य एवं आपात सेवा, मीडिया, सोशल मीडिया सहित सभी ऑनलाइन सेवाओं पर एक तरह से 'लॉकडाउन'लग गया। अमेरिका में 911 सेवा ने काम करना बंद कर दिया। ऑनलाइन सेवा ठप पड़ने से दुनिया भर में विमानन सेवाएं ठप होने लगीं। भारत और अमेरिका में 147 उड़ानें रद्द कर दी गई। सर्वर ठप होने की वजर से ब्रिटेन का स्काई न्यूज की प्रसारण सेवा रोकनी पड़ी।
बताया जा रहा है माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउडस्ट्राइक में यह खामी उसके सर्वर को अपडेट करने के बाद आया। दुनिया भर के 80 फीसदी कंप्यूटर एवं लैपटॉप में माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस का इस्तेमाल होता है। अमेरिका में इस तकनीकी खामी का व्यापक असर हुआ है। यहां बैंकिंग व्यवस्था, सोशल मीडिया सहित सभी तरह की इंटरनेट सेवाएं चरमरा गई हैं। यहां तक कि अमेरिका में 911 जैसी आपात सेवा भी प्रभावित हो गई है।
यात्री धैर्य रखें-फ्रंटियर
अमेरिका की अल्ट्रा लो-कॉस्ट एयरलाइंस फ्रंटियर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा- हमारे सिस्टम वर्तमान में माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से प्रभावित हैं, जिसका प्रभाव अन्य कंपनियों पर भी पड़ रहा है। इस दौरान बुकिंग, चेक-इन, आपके बोर्डिंग पास तक पहुंच और कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। हम आपके धैर्य की सराहना करते हैं।अकासा-स्पाइसजेट की उड़ान सेवाएं प्रभावित
भारत में अकासा एयरलाइंस ने बताया कि उसकी कुछ ऑनलाइन सर्विसेज मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी। बुकिंग,चेक-इन सर्विसेज सहित हमारी कुछ ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी। स्पाइसजेट ने कहा-हम वर्तमान में उड़ान व्यवधानों पर अपडेट देने में तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं। हमारी टीम इसे सुलझाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। किसी भी असुविधा के लिए खेद है और समस्या का समाधान हो जाने पर हम आपको सूचित करेंगे।बर्लिन एयरपोर्ट से उड़ानों को दिन के 1.30 बजे तक स्थगित कर दिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा कि तकनीकी खामी की वजह से चेक-इन रोक दिया गया है। यही नहीं, सेवाएं बाधित होने की वजह से लंदन का स्टॉक एक्सचेंज काम नहीं कर पा रहा है। अमेरिका में अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा, यूनाइटेड जैसी बड़ी विमानन कंपनियों ने कथित रूप से अपने विमानों को ग्राउंडेड कर लिया है
सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने दी जानकारी
रिपोर्ट्स के अनुसार इस गड़बड़ी की वजह से अमेरिका और आस्ट्रेलिया में भी बैंक और सरकारी दफ्तरों के कंप्यूटर और लैपटॉप बंद हो गए। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस गड़बड़ी को लेकर अपने एकाउंट से कई पोस्ट भी किए। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि हमारे सिस्टम पर एकाएक एक मैसेज लिखा हुआ फ्लैश हुआ। इस मैसेज में लिखा हुआ था कि ऐसा लगता है कि विंडोज़ ठीक से लोड नहीं हुआ। यदि आप चाहें तो सिस्टम को रीस्टार्ट कर फिर से ट्राई कर सकते हैं।
