नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट कुछ समय के लिए हटाए जाने के विवाद के बाद सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। इसमें कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि अब प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों के खातों से साझा की जाने वाली सामग्री पर अतिरिक्त स्तर की निगरानी और समीक्षा की जाएगी।
पीएम मोदी की फेसबुक पोस्ट मामले में मेटा ने लिखा पत्र।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बुधवार को मेटा ने सरकार को भेजे गए पत्र में बताया कि उसने अपनी कंटेंट मॉडरेशन प्रक्रिया में नए सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। कंपनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख लोगों के अकाउंट से होने वाली पोस्ट पर अब वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कई स्तरों पर जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो। सूत्रों के मुताबिक, मेटा की टीम इस सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह की शुरुआत में केंद्र सरकार के अधिकारियों से मुलाकात कर इस पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा भी कर सकती है।
सरकार ने जताई थी नाराजगी
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब केंद्र सरकार ने मंगलवार को मेटा के एक वरिष्ठ अधिकारी को तलब किया था। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। यह पोस्ट कुछ समय के लिए फेसबुक पर प्रतिबंधित (रिस्ट्रिक्ट) हो गई थी। जिसके बाद सरकार की ओर से इस पर आपत्ति जताई गई,जिसके जवाब में मेटा ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने कंपनी की सफाई को पर्याप्त नहीं माना।IT सचिव ने क्या कहा?
इस पूरे मामले को लेकर आईटी सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि मेटा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और माफी भी मांगी है, लेकिन मंत्रालय उसकी ओर से दिए गए स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि उन्होंने गलती मानी और माफी मांगी, लेकिन उनका स्पष्टीकरण पर्याप्त नहीं है। हमने कंपनी से इस मामले में और विस्तृत जानकारी मांगी है।
तकनीकी गड़बड़ी बनी वजह
सरकारी सूत्रों के अनुसार, मेटा ने बताया है कि उसकी स्वचालित कंटेंट फिल्टर प्रणाली (Automated Content Filters) में आई तकनीकी खराबी के कारण प्रधानमंत्री की पोस्ट कुछ समय के लिए हट गई थी। वहीं, मेटा के प्रवक्ता ने कहा कि पोस्ट गलती से हट गई थी और त्रुटि का पता चलते ही उसे तुरंत बहाल कर दिया गया।
