Mausam Ka Hal: उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में भीषण ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार शाम को हल्की बारिश हुई और शहर का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली से लेकर कश्मीर तक चल रही शीतलहर से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर से कई राज्यों में घने कोहरे और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में मौसम ने बदली करवट
आईएमडी के अधिकारियों ने बताया कि सुबह शहर में कोहरे की मोटी परत छाने के कारण दृश्यता कम हो गई और रेल परिचालन प्रभावित हुआ है जिससे 45 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है। मध्य दिल्ली क्षेत्र सहित राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में रात 12:30 बजे से 1:30 बजे तक न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर रही, जो उसके बाद सुधर कर 200 मीटर हो गई तथा सुबह 7:30 बजे तक दृश्यता 200 मीटर ही रही। आईएमडी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में सामान्य है। दिन में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा।
कल कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
आईएमडी ने रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
हिमाचल में हो सकती है बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है और स्थानीय मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को निचले व मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और मध्यम व ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग जगह पर बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। पिछले 24 घंटों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा।
बारिश का भी अलर्ट जारी
आईएमडी ने बताया कि 14 जनवरी, 2025 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। साथ ही गुरुवार व शुक्रवार को मध्यम और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का भी अनुमान है।
न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ और लाहौल-स्पीति का ताबो इलाका रात में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, समधो में तापमान शून्य से 5.9 डिग्री, कुकुमसेरी में शून्य से 4.9 डिग्री जबकि मनाली में शून्य से 0.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
मंडी में छाया रहा कोहरा
आईएमडी ने बताया कि अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई, जो सामान्य से कम रहा। विभाग के मुताबिक, सिरमौर जिले का धौलाकुआं स्थान दिन में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि बिलासपुर, ऊना और देहरा गोपीपुर में घना कोहरा, सुंदरनगर में मध्यम कोहरा और मंडी में हल्का कोहरा छाया रहा, जबकि पिछले 24 घंटों में बिलासपुर में पाला दिखाई दिया।
क्या है J&K का हाल?
जम्मू कश्मीर में 2024 पांच दशकों का सबसे सूखा वर्ष रहा, क्योंकि लगातार पांचवें वर्ष सामान्य से कम वर्षा हुई और वार्षिक औसत बारिश 1232.3 मिलीमीटर की तुलना में 29 प्रतिशत की कमी आई। मौसम विशेषज्ञ फैजान आरिफ ने बताया कि जम्मू कश्मीर में 2024 में पांच दशकों का सबसे सूखा वर्ष रहा। वार्षिक औसत वर्षा 1232.3 मिमी के मुकाबले महज 870.9 बारिश हुई जो 29 प्रतिशत कम है।
सामान्य से कम वर्षा का लगातार 5वां साल
उन्होंने कहा कि यह केंद्र शासित प्रदेश में सामान्य से कम वर्षा का लगातार पांचवां वर्ष है। मौसम विशेषज्ञ ने कहा कि हाल के वर्षों में वर्षा के रुझान पर करीब से नजर डालने पर चिंताजनक स्थिति सामने आती है। उन्होंने कहा, ''2023 में 1146.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य से सात प्रतिशत कम है, जबकि 2022 में 1040.4 मिमी वर्षा हुई जो सामान्य से 16 प्रतिशत कम है।''
आरिफ ने कहा कि 2021 में 892.5 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 28 प्रतिशत कम थी जबकि 2020 में 982.2 मिमी बारिश दर्ज की गई जो सामान्य से 20 प्रतिशत कम है।
