देश

आतंकी मसूद अजहर ने माना भारत के Operation Sindoor में परिवार के 10 लोग मारे गए

भारत ने पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक करके पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया है। भारत ने इस एयरस्ट्राइक में पाकिस्तान के बहावलपुर में मौलाना मसूद अजहर के ठिकाने को नेस्तनाबूद कर दिया। इस स्ट्राइक में मसूद अजहर के परिवार के लोग मारे गए हैं। चलिए जानते हैं जैश ने भारत पर कब-कब बड़े आतंकी हमले किए।

Image

जैश के कब-कब किए भारत में बड़े आतंकी हमले

Photo : Twitter

पिछले दो दशक से ज्यादा समय में भारत में हुए कई आतंकी हमलों में जैश-ए-मुहम्मद का बड़ा हाथ रहा है। आज जब भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान और PoK में ऑपरेशन सिंदूर किया तो इसमें जैश के मुख्यालय को भी निशाना बनाया गया। पाकिस्तान के बहावलपुर में जैश-ए-मुहम्मद के मुख्यालय पर हमला करके भारत ने आतंकवादियों और उनके आकाओं को कड़ा सबक सिखाया है। आतंकी मौलाना मसूद अजहर ने स्वीकार किया है कि उसके परिवार के 10 लोग भारत के इस हमले में मारे गए हैं।

जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर ने बुधवार को कबूल किया कि बहावलपुर में उसके संगठन के मुख्यालय पर भारतीय मिसाइल हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और चार करीबी सहयोगी मारे गए हैं। अजहर के हवाले से जारी एक बयान में कहा गया कि बहावलपुर में जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह पर हमले में मारे गए लोगों में जैश सरगना की बड़ी बहन और उसका पति, एक भांजा और उसकी पत्नी, एक भांजी और परिवार के पांच अन्य बच्चे शामिल हैं। बयान में कहा गया कि हमले में अजहर के एक करीबी सहयोगी और उसकी मां तथा दो अन्य करीबी साथियों की भी जान चली गई। भारत के इस हमले से आतंकी आका सदमे में हैं। चलिए जानते हैं भारत में जैश-ए-मुहम्मद ने कब-कब बड़े आतंकी हमले किए।

  • अप्रैल 2000 : जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में 15 कॉर्प्स हेडक्वार्टर के बाहर एक आत्मघाती कार हमला हुआ, जिसमें 4 भारतीय सैनिक शहीद हो गए।
  • अक्टूबर 2001: जम्मू-कश्मीर विधानसभा पर हुए आत्मघाती हमले में 30 लोगों की मौत हो गई थी।
  • दिसंबर 2001: लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मुहम्मद ने मिलकर दिल्ली में भारतीय संसद पर हमला किया, इस हमले में 14 लोगों की मौत हो गई थी।
  • जनवरी 2016: जैश-ए-मुहम्मद ने पठानकोट एयरबेस पर हमला किया। इस आतंकी हमले में भारतीय सुरक्षा बलों के 3 जवान शहीद हो गए थे।
  • सितंबर 2016: जैश-ए-मुहम्मद के आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना पर बड़ा आतंकी हमला किया। इस आतंकी हमले में 19 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत ने PoK में सर्जिकल स्ट्राइक की थी।
  • फरवरी 2019: जैश के आतंकवादियों ने पुलामा में सीआरपीएफ के कॉनवॉय को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया, जिसमें CRPF के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत ने बालाकोट एयरस्ट्राइक को अंजाम देकर आतंकवादियों और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया।
  • पहलगाम हमला : माना जा रहा है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला भी जैश-ए-मुहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के समर्थन से ही हुआ है।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article