देश

भारतीय सेना ने पार्लियामेंट अटैक से लेकर पहलगाम आतंकी हमले तक के Video दिखाकर कहा बस, अब और नहीं…

भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी देने के लिए आज सुबह यानी 7 मई को सुबह 10.30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान वहां लगी स्क्रीन पर साल 2001 से अब तक हुए बड़े आतंकी हमलों से जुड़े वीडियो दिखाए गए और साफ मैसेज दिया गया कि बस... अब और नहीं...

Image

सेना बोली, बस अब और नहीं, आतंकवाद नहीं सहेंगे

Photo : Times Now Digital

भारतीय सेना ने मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक किया। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के बाद देश में लगातार रोष व्याप्त है और बदला लेने की मांग हो रही थी। भारतीय सेना ने Operation Sindoor के जरिए पाकिस्तान और उसके आतंकी आकाओं को करारा जवाब दिया है। इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए भारतीय सेना और विदेश मंत्रालय ने आज यानी बुधवार 7 मई को सुबह 10.30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी दी।

विदेश सचिव विक्रम मिश्री, भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरेशी, भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहीं, जिन्होंने Operation Sindoor के बारे में जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत से पहले वहां लगी स्क्रीन पर आतंकी घटनाओं के कुछ वीडियो दिखाए गए। जिसके अंत में भारत का संदेश साफ था... बस... अब और नहीं...

वीडियो में साल 2001 के पार्लियामेंट अटैक के साथ ही 2002 में गुजरात के अक्षरधाम मंदिर पर हुए आतंकी हमले का वीडियो भी दिखाया गया। इसके अलावा 2008 के मुंबई आतंकी हमले, 2016 के उरी आतंकी हमले, 2019 के पुलवामा आतंकी हमले और 22 मई 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के वीडियो दिखाए गए।

इन आतंकी घटनाओं के वीडियो दिखाने के बाद लिखित संदेश में दिखाया गया कि इन आतंकी घटनाओं में 350 से ज्यादा आम नागरिक मारे गए, जबकि 600 से अधिक सेना के जवान शहीद हुए। वीडियो के अंत में इस मैसेज के साथ लिखा गया बस... अब और नहीं...

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article