देश

Bengal Bandh Updates: भाजपा के बंगाल बंद के दौरान जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर कम आवाजाही, हेलमेट पहनकर बस चला रहे ड्राइवर

Bengal Bandh Today Updates: प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बुधवार को 12 घंटे के बंगाल बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह 6 बजे शुरू हो गया जो शाम 6 बजे तक चलेगा।

Image

Bengal Bandh Updates: भाजपा के बंगाल बंद के दौरान जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर कम आवाजाही, हेलमेट पहनकर बस चला रहे ड्राइवर

KEY HIGHLIGHTS
  • पश्चिम बंगाल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म-हत्या के विरोध में राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ तक मार्च
  • प्रदर्शनकारियों की कई स्थानों पर पुलिस के साथ झड़पें हुईं
  • कोलकाता और हावड़ा की सड़कों पर बड़े पैमाने पर हिंसा हुई
  • प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने 12 घंटे के बंगाल बंद का आह्वान किया

BJP Bengal Bandh Today News Updates: पश्चिम बंगाल में राज्य सचिवालय तक मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए 12 घंटे के बंद (Bengal Bandh Today) के कारण बुधवार को कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ। राजधानी कोलकाता में सड़कों पर चहल-पहल कम है। सड़कों पर बहुत कम बस, ऑटो रिक्शा और टैक्सी नजर आ रही हैं। निजी वाहनों की संख्या भी कम है। हालांकि, बाजार और दुकानें पहले की तरह खुली हैं। स्कूल और कॉलेज खुले हैं लेकिन ज्यादातर निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद कम है क्योंकि उन्हें घर से काम करने को कहा गया है। भवानीपुर में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने लोगों से अपने वाहन लेकर घरों से बाहर न निकलने का हाथ जोड़कर अनुरोध किया है।

भाजपा समर्थक और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में उत्तर 24 परगना के बनगांव स्टेशन, दक्षिण 24 परगना के गोचरण स्टेशन और मुर्शिदाबाद स्टेशन पर प्रदर्शन किया। उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्टेशन पर उस समय तनाव व्याप्त हो गया, जब भाजपा समर्थक और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हुगली स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन को रोक दिया। पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना दिया जिससे यातायात बाधित हो गया।

मालदा में एक सड़क अवरुद्ध करने को लेकर तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। पुलिस ने कार्रवाई कर भीड़ को तितर-बितर किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांकुड़ा शहर के बस अड्डे पर भी प्रदर्शन किया। अलीपुरद्वार में एक मुख्य सड़क को अवरुद्ध करने की कोशिश के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गयी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘दफा एक दाबी एक, मुख्यमंत्री पदत्याग’ (एक ही मांग, मुख्यमंत्री इस्तीफा दें) जैसे नारे लगाए।

पश्चिम बंगाल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और उसकी हत्या के विरोध में राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ तक प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के प्रयासों के दौरान हुई हिंसा के विरोध में आज भाजपा ने 12 घंटे बंद का ऐलान किया है जो सुबह 6 बजे शुरू हो गया। सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बुधवार को 12 घंटे के बंगाल बंद का आह्वान किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने का आग्रह किया।

कोलकाता में हिंसा, पुलिस से झड़प

मंगलवार दोपहर कई स्थानों पर पुलिस के साथ उनकी झड़पें हुईं और कोलकाता और हावड़ा की सड़कों पर बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। लगभग चार घंटे तक हिंसा हुई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए, जिनमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और महिला प्रदर्शनकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि राज्यभर में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर पुलिस पर पथराव किया और कांच की बोतलें फेंकी, जहां उन्हें (प्रदर्शनकारियों को) आगे बढ़ने से रोका गया।

24 परगना में बंद के दौरान प्रदर्शन

वहीं, बंद के मद्देनजर राज्य संचालित बसों के ड्राइवर हेलमेट पहनकर बस चला रहे हैं।

पश्चिम बंग छात्र समाज और संग्रामी जौथा का प्रदर्शन

‘नबान्न अभियान’ का आह्वान अपंजीकृत छात्र संगठन पश्चिम बंग छात्र समाज और संग्रामी जौथा मंच द्वारा अलग-अलग किया गया था। उन्होंने प्रशिक्षु डॉक्टर से कथित दुष्कर्म व उसकी हत्या को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की। यह घटना नौ अगस्त को हुई थी। संग्रामी जौथा मंच राज्य सरकार के कर्मचारियों का संगठन है जो अपने महंगाई भत्ते को केंद्र सरकार के समकक्षों के बराबर करने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस सरकार ने लोगों से भाजपा की सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक की आम हड़ताल का समर्थन नहीं करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री बनर्जी के मुख्य सलाहकार अलपन बंद्योपाध्याय ने कहा, सरकार बुधवार को किसी भी बंद की अनुमति नहीं देगी। हम लोगों से इसमें भाग न लेने का आग्रह करते हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए हर कदम उठाए जाएंगे कि जनजीवन प्रभावित न हो।

बंद के खिलाफ सरकार ने जारी की अधिसूचना

इसके तुरंत बाद राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी की, जिसमें कहा गया है कि सभी सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे और सभी कर्मचारियों को, आपातकालीन स्थिति वाले या छुट्टी पर गए कर्मचारियों को छोड़कर, 28 अगस्त को ड्यूटी पर आना होगा, अन्यथा उन्हें अनधिकृत अनुपस्थिति के लिए कारण बताओ नोटिस मिलेगा। बंगाल पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने विभिन्न उच्च न्यायालयों के कई फैसलों का हवाला दिया, जिनमें राजनीतिक दलों द्वारा आहूत बंद को अवैध बताया गया है। तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि कल बंगाल में कोई बंद नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि आम हड़ताल का आह्वान इसलिए किया गया है कि सड़कों पर उपद्रव ने भाजपा को बेनकाब कर दिया और राज्य में राजनीतिक षडयंत्र रचने की उसकी साजिश को उजागर कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (दक्षिण बंगाल) सुप्रतिम सरकार ने पुष्टि की कि राज्य सचिवालय रैली से पहले सोमवार रात राज्यभर से 25 लोगों को एहतियाती उपाय के तौर पर गिरफ्तार किया गया। एडीजी ने कहा, हमारे पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि ये बदमाश रैली में आग्नेयास्त्रों और बमों का इस्तेमाल करने की योजना बना रहे थे। अगर ये एहतियाती गिरफ्तारियां नहीं की जातीं तो स्थिति और भी खराब हो सकती थी। कोलकाता पुलिस सूत्रों के अनुसार, रैली के आयोजकों में से एक पश्चिम बंग छात्र समाज के 126 सदस्यों और समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 33 महिलाएं हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अत्यंत संयम बरता और आंदोलनकारियों के उकसावे में नहीं आए।

महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, हमें पुलिस ने क्यों पीटा?

एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, हमें पुलिस ने क्यों पीटा? हमने कोई कानून नहीं तोड़ा। हम डॉक्टर (मृतका) के लिए न्याय की मांग करने को लेकर शांतिपूर्ण रैली कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। बाद में पुलिस ने फिर से आंसूगैस का इस्तेमाल किया और भाजपा नेताओं और समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जब वे ‘नबान्न अभियान’ रैली के दौरान गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग करते हुए लालबाजार में कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई तब शुरू हुई जब भाजपा समर्थकों ने लालबाजार में प्रवेश करने के लिए पुलिस अवरोधकों को गिराने का प्रयास किया। हंगामे और हाथापाई के दौरान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार समेत कई पार्टी नेता बीमार पड़ गए और पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया।

बीजेपी नेताओं ने किया धरना-प्रदर्शन

इससे पहले, मजूमदार स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे अवरोधकों के पास धरने पर बैठ गए और मांग की कि पुलिस गिरफ्तारियों पर अपना रुख स्पष्ट करे। उन्होंने नबान्न अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्रों की बिना शर्त रिहाई की मांग की। प्रदेश भाजपा ने प्रदर्शनकारियों पर मंगलवार को पुलिस कार्रवाई के बाद चिकित्सा और कानूनी सहायता की आवश्यकता वाले लोगों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराया है। कोलकाता में हावड़ा ब्रिज के हेस्टिंग्स, महात्मा गांधी रोड और स्ट्रैंड रोड एंट्री पॉइंट के साथ-साथ फोरशोर रोड, हावड़ा मैदान, कोना एक्सप्रेसवे और हावड़ा में संतरागाछी स्टेशन परिसर में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़पें हुईं। बाबूघाट रिवर फ्रंट के पास प्रदर्शनकारियों ने कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और एक पुलिस दोपहिया वाहन को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों का एक वर्ग पुलिस अवरोधकों को गिराते हुए नबन्ना के काफी नजदीक पहुंचने में कामयाब रहा और न्याय के लिए नारे लगाते हुए सशस्त्र पुलिस के सामने खड़ा हो गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग किया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article