Manipur Mobile Internet Ban:मणिपुर सरकार ने राज्य के पांच जिलों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध को पांच और दिनों के लिए 20 सितंबर की दोपहर 3 बजे तक बढ़ा दिया है।
इस संबंध में रविवार को एक आदेश जारी करते हुए राज्य सरकार के आयुक्त (गृह) ने कहा, "राज्य सरकार ने मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति और पिछले पखवाड़े में इंटरनेट निलंबन के सामान्य संचालन के साथ इसके संभावित सह-संबंध की समीक्षा करने के बाद मणिपुर के इंफाल, पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में वीएसएटी और वीपीएन सेवाओं सहित इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं के निलंबन को 15-09-2024 से अगले 5 दिनों के लिए जारी रखने का फैसला किया है।"
कुमार द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में कहा गया है, "इसलिए, दूरसंचार सेवाओं के अस्थायी निलंबन (सार्वजनिक आपातकाल या सार्वजनिक सुरक्षा) नियम, 2017 के नियम 2 के अनुसार प्रदत्त शक्ति के तहत, मणिपुर के राज्यपाल जनहित में मणिपुर के इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में वीसैट और वीपीएन सेवाओं सहित इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं के अस्थायी निलंबन को 15-09-2024 के अपराह्न 3:00 बजे से 20-09-2024 के अपराह्न 3:00 बजे तक 5 दिनों के लिए बढ़ाने का आदेश देते हैं।"
इससे पहले मणिपुर सरकार ने उग्रवादियों के हमलों से निपटने में कथित रूप से विफल रहे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और सुरक्षा सलाहकार को हटाने की मांग को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण 10 सितंबर से 15 सितंबर तक ब्रॉडबैंड और मोबाइल डेटा समेत इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने का निर्णय लिया था।
