देश

सोनिया-राहुल के खिलाफ ED चार्जशीट पर भड़के खरगे, कहा- किसी का भी नाम डाल दें, हम डरने वाले नहीं; वक्फ पर कही ये बात

Waqt Protest: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के महासचिवों, प्रभारियों और अग्रिम संगठनों के प्रमुखों की बैठक में यह उम्मीद भी जताई कि वक्फ संशोधन अधिनियम मामले में सुप्रीम कोर्ट में सरकार के खिलाफ विपक्ष की जीत होगी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई अभी कर रही है, हमें पूरा भरोसा है कि हम इस लड़ाई को भी जीतेंगे।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुर खरगे (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Waqt Protest: वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एआईसीसी महासचिवों, प्रभारियों की बैठक में शनिवार को कहा कि सरकार के वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने पूरे विपक्ष को एकजुट किया और बिल का विरोध किया। सभी इंडी गठबधन के लोगों ने साथ दिया।

मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के महासचिवों, प्रभारियों और अग्रिम संगठनों के प्रमुखों की बैठक में यह उम्मीद भी जताई कि वक्फ संशोधन अधिनियम मामले में सुप्रीम कोर्ट में सरकार के खिलाफ विपक्ष की जीत होगी।

खरगे ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले (वक्फ मामले) की सुनवाई कर रही है। मुझे खुशी है कि कांग्रेस और विपक्ष के दूसरे दलों ने जिन बिंदुओं को रखा था, सुप्रीम कोर्ट ने उनको महत्व दिया है। खास तौर पर सरकार द्वारा 'Waqf by user' का मुद्दा जानबूझकर वक्फ की संपत्तियों को विवाद में डालने के लिए ही लाया गया है।

सरकार पर बरसे खरगे

खरगे ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई अभी कर रही है, हमें पूरा भरोसा है कि हम इस लड़ाई को भी जीतेंगे। इस मामले में सरकार और भाजपा के नेताओं ने अफवाह को फैलाने और लोगों को भ्रमित करने में कोई कमी नही छोड़ी थी। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमें लोगों के बीच जाकर उनको अपने पक्ष से अवगत कराना होगा और भाजपा के षडयंत्र को बेनकाब करना होगा। खरगे ने पार्टी नेताओं का आह्वान किया कि अहमदाबाद अधिवेशन में पारित प्रस्ताव के संदेश को जिला, मंडल, ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचाना है।

नेशनल हेराल्ड मामले पर भी खूब बोले खरगे

खरगे ने कांग्रेस नेताओं से कहा, "आपने गौर किया होगा कि कैसे बड़े षडयंत्र के तहत नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी का नाम आरोप पत्र में डाल दिया गया है। पर किसी का भी नाम डाल दें, हम डरनेवाले नहीं हैं।" उन्होंने कहा कि इसके दो तीन पहले ही नेशनल हेराल्ड की दिल्ली, लखनऊ और मुंबई की संपत्तियों को कुर्क कर लिया गया।

खरगे ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि यह सब बदले की भावना से किया जा रहा है। 'यंग इंडियन' गैर लाभकारी कंपनी है। इसका मतलब यह है कि 'एजेएल' के शेयर और संपत्ति या लाभ को ना तो कोई ले सकता है और ना ही हस्तांतरित कर सकता है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!