Maratha Reservation: मराठा आंदोलन की आग में महाराष्ट्र अब जलने लगा है। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा था, जो अब हिंसक होने लगा है। सोमवार को दिन में जहां एनसीपी विधायक के बंगले को जला दिया गया था, वहीं शाम होते-होते कई नेता आंदोलनकारियों को निशाने पर आ गए हैं। प्रदर्शनकारी शिंदे सरकार को निशाने पर ले रखे हैं, और उनके विधायकों के घर और ऑफिस आग के हवाले करने लगे हैं।
एनसीपी ऑफिस को जलाया
बीड में मराठा प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार समूह) के कार्यालय में आग लगा दी। कोंकण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधायक ज्ञानेश्वर म्हेत्रे को सोलापुर में प्रदर्शनकारियों ने घेर कर नारे लगाए। माजलगांव दौरे पर गए थे बीड एसपी पंकज कुमावत की गाड़ी पर पथराव होने की खबर है। यहां उनके गार्ड के सिर पर चोट लगी है। लगातार हो रही आंदोलन की घटनाओं से नांदेड़ जिले में दो दिनों से बस सेवा बंद है, यात्री परेशान हैं। परभणी के मनोली में तहसीलदार की गाड़ी पर पथराव किया गया है।
बीजेपी विधायक के ऑफिस पर हमला
महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगाव से राकांपा विधायक प्रकाश सोलंकी के आवास को आग के हवाले करने के शीघ्र बाद, मराठा आरक्षण कार्यकर्ताओं के एक समूह ने स्थानीय नगरपालिका परिषद भवन की पहली मंजिल को आग लगा दी और वहां तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में, डंडों से लैस मराठा आरक्षण समर्थकों ने छत्रपति संभाजीनगर जिले के गंगापुर में भाजपा विधायक प्रशांत बांब के कार्यालय में तोड़फोड़ की।
क्यों शुरू हुई आगजनी
हिंसा और आगजनी की ये घटनाएं ऐसे वक्त हुई हैं, जब आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में 25 अक्टूबर से आमरण अनशन कर रहे हैं। वह मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन के दूसरे चरण के तहत अनशन पर बैठे हैं।
