महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे के वडकी स्थित Cipla Pharma & Life Sciences के C&F वेयरहाउस के दवा बिक्री और वितरण लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। FDA ने यह कार्रवाई दवाओं की पैकेजिंग, स्टोरेज और रिकॉर्ड-कीपिंग में कथित अनियमितताओं को लेकर की है।
सिप्ला के वेयरहाउस में दवा बिक्री और वितरण लाइसेंस रद्द।
एफडीए के अनुसार, कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद नए सिरे से पूरी प्रक्रिया के तहत की गई। 4 सितंबर को कंपनी को संशोधित कारण बताओ नोटिस दिया गया, जिसके जवाब में Cipla ने 11 सितंबर को अपना पक्ष रखा और 21 सितंबर को व्यक्तिगत सुनवाई हुई।
मामले में Reactin Plus Tablets की पैकेजिंग प्रमुख मुद्दा रही। एफडीए ने आरोप लगाया कि Schedule H दवा की पैकेजिंग पर दर्द निवारक के तौर पर इस्तेमाल से जुड़े ऐसे दावे और चित्र थे, जो नियमों के अनुरूप नहीं थे। इसे ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मिसब्रांडिंग माना गया। इसके अलावा एफडीए ने दवाओं को सीधे फर्श पर रखने, स्टॉक पर धूल, एक्सपायर्ड दवाओं के लिए अलग क्षेत्र और जरूरी रिकॉर्ड नहीं होने जैसी कमियां भी बताईं। कंप्यूटर/SAP रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भी विसंगतियां मिलने की बात कही गई।
FDA कमिश्नर ने क्या कहा?
इस कार्रवाई को लेकर एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दवाओं की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा पूरी दवा सप्लाई चेन में कानूनी अनुपालन बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि नई कार्यवाही बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए की गई और इसमें प्राकृतिक न्याय,पारदर्शिता, सुनवाई का अवसर तथा कारणयुक्त निर्णय के सिद्धांतों का पालन किया गया।Cipla ने फैसले पर जताई निराशा
वहीं, Cipla ने भी इसे लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कंपनी ने FDA के फैसले को ‘निराशाजनक’ बताया और कहा कि उसका पुणे C&FA वेयरहाउस वितरण और स्टोरेज प्रोटोकॉल के साथ-साथ डिजिटल रिकॉर्ड-कीपिंग मानकों का पालन करता है।
कंपनी ने कहा कि वह FDA के आदेश की समीक्षा कर रही है और आगे उपलब्ध विकल्पों पर विचार कर रही है। Cipla ने यह भी कहा कि वह मरीजों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
