मैजिकब्रिक्स ने मयंक जैन को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने की घोषणा की है। उनकी नियुक्ति 1 अक्टूबर, 2026 से प्रभावी हो गई है। सीईओ के रूप में मयंक कंपनी की समग्र विकास रणनीति और व्यावसायिक दिशा का नेतृत्व करेंगे। उनकी प्राथमिकताओं में बाजार में कंपनी की अग्रणी स्थिति को और मजबूत करना, कारोबार में बदलाव की प्रक्रिया को गति देना, प्रोफिटिबिलिटी बढ़ाना और सतत विकास सुनिश्चित करना शामिल है। वह कंपनी की मजबूत डिजिटल क्षमताओं, टेक्नोलॉजी आधारित इनोवेशन और उपभोक्ता-केंद्रित दृष्टिकोण का लाभ उठाकर मैजिकब्रिक्स के विकास के अगले चरण को गति देंगे। इसके साथ ही भारत के रियल एस्टेट क्षेत्र में कंपनी की स्थिति को और सुदृढ़ करने पर उनका फोकस रहेगा।
मैजिकब्रिक्स
मयंक जैन को डिजिटल, मीडिया, प्रौद्योगिकी और उपभोक्ता कारोबार के क्षेत्र में लीडरशिप का दो दशकों से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने कारोबार में बदलाव लाने, राजस्व वृद्धि हासिल करने और ऑपरेशनल एक्सीलेंस सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मैजिकब्रिक्स से पहले मयंक CarDekho Group से जुड़े थे, जहां उन्होंने पांच साल से अधिक समय तक ऑटो क्लासीफाइड्स कारोबार के सीईओ के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने कारोबार को विस्तार देते हुए एक बेहद लाभप्रद और मजबूत प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया। उन्होंने इस कारोबार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को प्रमुखता से शामिल किया और नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कंपनी के विस्तार का नेतृत्व किया।
CarDekho Group से पहले मयंक नेटवर्क18 में हिंदी न्यूज क्लस्टर के सीईओ थे। इस भूमिका में उन्होंने न्यूज18 इंडिया सहित सात न्यूज चैनलों के समूह का नेतृत्व किया। अपने करियर के दौरान वह डिज्नी स्टार, बीटी ग्रुप, सैमसंग और एचटी मीडिया जैसी कंपनियों में भी नेतृत्वकारी पदों पर कार्य कर चुके हैं।
सेल्स, मार्केटिंग, प्रोडक्ट, रणनीति और लाभ-हानि प्रबंधन (P&L Management) के विभिन्न क्षेत्रों में उनके अनुभव ने उन्हें बड़े स्तर पर कारोबार खड़ा करने, ब्रांड को मजबूत बनाने, राजस्व वृद्धि में तेजी लाने और विभिन्न उद्योगों में डिजिटल बदलाव का नेतृत्व करने की व्यापक समझ प्रदान की है।
मयंक नोएडा ऑफिस से काम करेंगे और टाइम्स ग्रुप के एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर एवं ग्रुप सीईओ एन. सुब्रमण्यम को रिपोर्ट करेंगे।
