कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को अचानक से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने कुलियों से मुलाकात की। राहुल गांधी और कुलियों के बीच लगभग 40 मिनट तक बातचीत चली। इस बातचीत के बाद नेता विपक्ष वहां से निकल गए। कुलियों ने बताया कि राहुल गांधी उनसे बात करने पहुंचे थे।
कुलियों से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी
क्यों कुलियों से मिले राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में मची भगदड़ के दौरान लोगों की मदद करने वाले कुलियों के एक समूह से शनिवार को मुलाकात की और उम्मीद जताई कि सरकार इस हादसे से सबक लेते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाएगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन कुलियों से मुलाकात की तस्वीरें एक्स पर साझा की।
क्या बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा- "अक्सर सबसे अंधकार भरे समय में ही इंसानियत की रोशनी सबसे ज़्यादा चमकती है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के दौरान कुली भाइयों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए कई यात्रियों की जान बचाई थी। इसके लिए मैंने देशवासियों की ओर से आज उनका धन्यवाद किया। ऐसे हादसों से सीख लेना ज़रूरी है। भीड़ नियंत्रण, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करके इन्हें रोका जा सकता है। आशा है सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी ताकि हर वर्ग के यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें।"
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद क्या बोले कुली
राहुल गांधी के साथ मुलाकात के बाद कुली दीपेश मीना ने कहा- "हमें खुशी है कि राहुल गांधी हमसे मिलने आए... उन्होंने हमारी सभी समस्याएं सुनीं और हमें उम्मीद है कि वे उनका समाधान करेंगे। वे यहां करीब 40 मिनट तक रुके और हमारी बातें सुनीं..."
