Bengal Protest: पश्चिम बंगाल की जादवपुर यूनिवर्सिटी छात्रों के प्रदर्शन से शनिवार को बवाल मच गया। देखते ही देखते ही माकपा की छात्र इकाई 'स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया' (SFI) और नक्सली एआईएसए के सदस्यों ने छात्र संघ चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु का घेराव किया और उनके वाहन की 'विंडस्क्रीन' भी क्षतिग्रस्त कर दी।
ब्रत्य बसु ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन लगभग 100 छात्रों ने उनका घेराव लिया और उनकी कार के विंडस्क्रीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने मंत्री को जूते दिखाए और उनके वाहन का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।
सड़कों पर उतरे TMC नेता
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जादवपुर यूनिवर्सिटी की इस घटना को लेकर राजधानी कोलकाता में प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। टीएमसी कार्यकर्ताओं और नेताओं का आरोप है कि एसएफआई के सदस्यों ने आज जादवपुर यूनिवर्सिटी में शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु पर हमला किया।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में ममता सरकार में मंत्री अरूप बिस्वास ने कहा कि हमारे नेता पर आज हमला हुआ है। इसीलिए हम इसका विरोध करने आए हैं...
ब्रत्य बसु हो गए घायल
हिंदी समाचार एजेंसी 'भाषा' के मुताबिक, मंत्री ब्रत्य बसु को बाद में सरकारी एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने बेचैनी की शिकायत की और कांच के टुकड़े लगने से उनके बाएं हाथ में भी चोट आई थी। ब्रत्य बसु ने अस्पताल से निकलते समय कहा कि मुझे सीने में दर्द महसूस हुआ, इसलिए मैंने एक्स-रे करवाया। हालांकि, चिकित्सकों ने बताया कि कोई गंभीर चोट नहीं है। मेरे शरीर के ऊपरी हिस्से पर कुछ निशान थे, लेकिन ये गंभीर नहीं हैं।
