पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के बाद उनकी मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक ईमेल लिखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपने बेटे को न्याय दिलाने और उसकी मौत के लिए ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की है। पत्र में राखी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उन्हें अपने ही बच्चे के लिए न्याय मांगने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखना पड़ेगा।
उन्होंने लिखा, 'हर मां की तरह, मैंने भी सपना देखा था कि केतन एक सुंदर जिंदगी जिएगा, शादी करेगा और हमारे साथ बुढ़ापा बिताएगा। लेकिन इसके बजाय, मुझे अपने बच्चे का अंतिम संस्कार करना पड़ा।' केतन की हत्या को 'बेहद क्रूर' बताते हुए उन्होंने कहा कि उसकी मौत से परिवार में एक 'कभी न भरने वाली कमी' आ गई है। उन्होंने लिखा, 'जिस दिन केतन की मौत हुई, उसी दिन मेरी दुनिया खत्म हो गई।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें:केतन अग्रवाल की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके दादा, अस्पताल में हुआ निधन
उन्होंने आगे कहा कि घर का हर कोना, उसका कमरा, उसके कपड़े और तस्वीरें उन्हें इस नुकसान की याद दिलाते हैं। दुखी मां ने केतन के दादाजी की मौत का भी जिक्र किया, जिनका हत्या के एक महीने से भी कम समय बाद निधन हो गया।
बुज़ुर्ग दादाजी अपने पोते को खोने का दुख बर्दाश्त नहीं कर पाए'
पत्र में उन्होंने कहा कि बुज़ुर्ग दादाजी 'केतन से बहुत प्यार करते थे और अपने पोते को खोने का दुख बर्दाश्त नहीं कर पाए,' जिससे परिवार को कुछ ही हफ़्तों के भीतर दो पीढ़ियों के नुकसान का गम झेलना पड़ा। राखी ने लिखा, 'मैं सहानुभूति या कोई विशेष रियायत नहीं मांग रही हूं। मैं सिर्फ़ न्याय मांग रही हूं।' उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि इस मामले पर उचित ध्यान दिया जाए और बिना किसी देरी के न्याय मिले।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें:4 महीने पहले ही चेतन से शादी कर चुकी थी सिया? केतन मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा, दावे के जांच में जुटी पुलिस
'कृपया केतन को सिर्फ़ एक और केस बनकर न रह जाने दें'
पत्र में लिखा था, 'कृपया केतन को सिर्फ़ एक और केस बनकर न रह जाने दें। वह किसी का बेटा, किसी का पोता, किसी का भाई था, लेकिन मेरे लिए वह मेरी पूरी दुनिया था।' यह अपील केतन के पिता द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर न्याय की मांग करने और परिवार के नुकसान पर दुख जाहिर करने के कुछ दिनों बाद आई है। पुलिस हत्या और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
राष्ट्रपति से एक पिता की अपील
पिछले हफ्ते, केतन के पिता, विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चिट्ठी लिखकर तेज जांच और जल्द इंसाफ की मांग की। केतन के पिता ने लिखा, 'मेरे बेटे केतन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उस दिन से, हमारी ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई है। हर सुबह हम उसी दर्द के साथ उठते हैं, और हर रात हम उसी सवाल के साथ सोते हैं- केतन को इंसाफ़ कब मिलेगा?' उन्होंने भी तीन हफ़्तों में परिवार को हुए दो नुकसानों का जिक्र किया, और कड़ी सजा की मांग की।
