Indian Navy Rescues Liberian Ship Crew: समुद्री ईंधन ले जा रहा लाइबेरियाई मालवाहक जहाज के क्रू को भारतीय नेवी ने बचा लिया है। इस बीच जहाज केरल के तट के पास समुद्र में और अधिक झुक गया और इसके कई कंटेनर समुद्र में समा गए। अधिकारियों ने बताया कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि, भारतीय नौसेना के जहाज सुजाता ने खतरनाक परिस्थितियों में चालक दल के तीन सदस्यों को बचा लिया।
भारतीय नौसेना ने लाइबेरिया जहाज के क्रू को बचाया
आईएनएस सुजाता ने खतरनाक परिस्थितियों में बचाया
रविवार सुबह एक रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि तीनों चालक दल के सदस्यों को आईएनएस सुजाता ने खतरनाक परिस्थितियों में बचा लिया है। जहाज से कुछ और कंटेनर पानी में गिर गए हैं और जहाज और अधिक डूब गया है। उन्होंने बताया कि आईएनएस सुजाता जहाज के बहुत करीब अपनी स्थिति बनाए हुए है। यह घटना, जिससे पर्यावरण को और अधिक नुकसान पहुंच रहा है, भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल द्वारा किए जा रहे गहन कोशिशों के बीच हुई है, जो जहाज को खींचने के तरीकों की खोज में जुटे थे।
समुद्री ईंधन ले जा रहा लाइबेरियाई कंटेनर जहाज शनिवार को केरल तट से लगभग 38 समुद्री मील दूर कई डिग्री झुक गया था, जिससे उसका माल समुद्र में गिर गया। एक रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि सहायता कोशिशों के तहत मूल कंपनी का एक और जहाज उस क्षेत्र में पहुंच गया। इससे पहले, अधिकारियों ने बताया था कि जहाज पर सवार 24 चालक दल के सदस्यों में से 21 को बचा लिया गया, जबकि कंपनी के निर्देशानुसार तीन लोग जहाज पर ही बने रहे।
184 मीटर लंबा जहाज -एमएससी एल्सा 3
उन्होंने कहा कि बचाव अभियान का नेतृत्व करने वाले तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना के जहाज क्षेत्र में अपनी स्थिति बनाए हुए हैं। रक्षा पीआरओ ने यह भी कहा कि यह निर्धारित करने के लिए कि जहाज को खींचा जा सकता है या नहीं, इसका मूल्यांकन चल रहा है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम जनता को किसी भी कार्गो कंटेनर या तेल रिसाव को छूने से आगाह किया है जो तट पर आ सकता है। उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया है कि अगर उन्हें तट पर कोई कंटेनर या तेल दिखाई दे तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। 184 मीटर लंबा जहाज -एमएससी एल्सा 3 (MSC Elsa 3) शुक्रवार को विझिंजम बंदरगाह से कोच्चि के लिए रवाना हुआ था।
24 मई को दोपहर करीब 1.25 बजे, जहाज के मालिकाना हक वाली कंपनी ने भारतीय अधिकारियों को सूचित किया कि यह 26 डिग्री झुका हुआ है और तुरंत मदद मांगी। जहाज के 24 सदस्यीय चालक दल में एक रूसी (मास्टर), 20 फिलिपिनो, दो यूक्रेनी और एक जॉर्जियाई नागरिक शामिल हैं। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, इस बात की संभावना है कि कंटेनर और तेल सहित कार्गो किनारे पर आ सकता है। केएसडीएमए ने यह भी चेतावनी दी कि तट के कुछ हिस्सों में तेल की परतें दिखाई दे सकती हैं। तटरक्षक बल ने पुष्टि की है कि जहाज मरीन गैस ऑयल और बहुत कम सल्फर ईंधन तेल ले जा रहा था।
