Kulgam Terror attack: कुलगाम में आतंकी हमले में घायल सीआरपीएफ के जवानों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। आतंकी हमले में गंभीर रूप से घायल सीआरपीएफ के हेड कॉन्स्टेबल सोनबीर सिंह के स्वास्थ्य का अपडेट लेने जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गर्वनर श्रीनगर के बेस अस्पताल पहुंचे। एलजी ने कहा कि इस हमले में घायल दो अन्य जवानों कॉन्स्टेबल राकेश दास और कॉन्स्टेबल शांतनू चंद्र का इलाज कुलगाम के अस्पताल में चल रहा है। आतंकियों को धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी की गई है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
अस्पताल में घायल जवान से मिले एलजी मनोज सिन्हा।
आतंकियों ने जांच चौकी पर गोलीबारी की
बुधवार को मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की जांच चौकी पर गोलीबारी की जिसमें तीन जवान घायल हो गये और इनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला मीर बाजार के निकट अपराह्न लगभग दो बजकर 15 मिनट पर हुआ। उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और गोलीबारी के बाद फरार हुए हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
एक जवान के पेट में लगी गोली
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें से एक जवान के पेट में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है, जबकि अन्य दो अपेक्षाकृत मामूली रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि गोली एक जवान की बांह में लगी, जबकि दूसरे के पैर में लगी है। घटनास्थल के वीडियो में घायल जवानों को स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते और चिकित्साकर्मियों को उनकी मदद के लिए तेजी से पहुंचते देखा गया।
मनोज सिन्हा भी कुलगाम में मौजूद थे
हमले के तुरंत बाद इलाके में अतिरिक्त अवरोधक लगाए गए। एंबुलेंस के सायरन बजने और लाउडस्पीकर से स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने की अपील किए जाने के बीच अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए। घटनास्थल के पास बख्तरबंद वाहनों में सुरक्षा कर्मियों को भी देखा गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी कुलगाम में मौजूद थे, लेकिन वह हमले वाली जगह के निकट नहीं थे।
भाजपा-पीडीपी ने हमले की निंदा की
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कुलगाम में बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर किए गए आतंकवादी हमले की निंदा की। उन्होंने इसे इलाके में शांति और स्थिरता को बिगाड़ने की कोशिश करार दिया। महबूबा ने कहा कि हिंसा के ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं।
