Lalu Yadav : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजे का असर बिहार पर नहीं पड़ेगा। लालू ने कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार नहीं बन पाएगी। मीडिया से बातचीत में लालू ने कहा कि बिहार के लोग भाजपा की असलियत पहचान चुके हैं। लालू यादव ने कहा, 'कोई असर नहीं होगा। वह कैसे सरकार बना पाएंगे? हमारे रहते यहां भाजपा की सरकार बन सकती है? लोग अब भारतीय जनता पार्टी को पहचान चुके हैं।'
दिल्ली चुनाव में भाजपा को मिली हैं 48 सीटें
बीते आठ फरवरी को आए दिल्ली चुनाव नतीजों में भाजपा ने विधानसभा की 70 सीटों में 48 पर जीत दर्ज की। भगवा पार्टी ने 27 साल के बाद दिल्ली की सत्ता में वापस की है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को महज 22 सीटों पर जीत हासिल हुई। 2020 के विधानसभा चुनाव में AAP ने 62 सीटें जीती थीं। जबकि बीते तीन चुनाव से कांग्रेस अपना खाता नहीं पोल पाई है।
बिहार में इसी साल होंगे विधानसभा चुनाव
राजनीति के जानकारों का मानना है कि भाजपा की अगुवाई वाला एनडीए इस साल बिहार में भी अच्छा प्रदर्शन करेगा। इस राज्य में एनडीए का मुकाबला महागठबंधन से है। महागठबंधन की अगुवाई राजद करता है। जनता दल यूनाइटेड के सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को कहा कि बिहार को डबल इंजन की सरकार का फायदा मिला है। राज्य में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। झा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए दिल्ली से भी बड़ी जीत दर्ज करेगा।
पीएम से मिले बिहार के सांसद
कुछ दिनों पहले ससंद के बजट सत्र के दौरान भाजपा, जद-यू और एनडीए के अन्य दलों के करीब 30 सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दिल्ली चुनाव नतीजों का असर क्या बिहार पर पड़ेगा, यह सवाल राजद नेता तेजस्वी यादव से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बिहार, बिहार है, भाजपा को यह समझना पड़ेगा।
