देश

Kolkata Airport पर बम की दहशत; इंडिगो की फ्लाइट में मिली धमकी भरी पर्ची, यात्रियों में मचा हड़कंप

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो की शिलांग जाने वाली फ्लाइट (6E 3074) में बम की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। बोर्डिंग के दौरान टॉयलेट में मिली एक पर्ची ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर सघन तलाशी ली जा रही है।

Image

आइसोलेशन बे में खड़ा विमान (ANI)

Photo : ANI

Kolkata Airport Bomb Threat: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह अफरातफरी का माहौल बन गया, जब शिलांग जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की धमकी मिली। एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। राहत की बात यह है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और सघन तलाशी अभियान जारी है।

टॉयलेट में मिली धमकी भरी पर्ची

कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E 3074 सुबह 9:15 बजे शिलांग के लिए उड़ान भरने वाली थी। जब यात्री विमान में सवार हो रहे थे, तभी क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट कंपार्टमेंट के अंदर एक कागज का टुकड़ा मिला। इस पर्ची पर लिखा था कि विमान के अंदर बम रखा गया है। धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने एटीसी (ATC) को सूचित किया। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को तुरंत रनवे से हटाकर 'आइसोलेशन बे' में भेज दिया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया।

यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, चेकिंग जारी

धमकी मिलने के तुरंत बाद विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें एयरपोर्ट टर्मिनल पर वापस भेज दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल विमान के एक-एक कोने और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच कर रही हैं। एयरपोर्ट निदेशक ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पिछले महीने भी हुई थी एक घटना

ये कोई इस तरह की पहली घटना नहीं है। बता दें कि पिछले महीने ही 23 जनवरी को दिल्ली से पुणे पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E-2608 में भी इसी तरह का खतरा सामने आया था, जब विमान के शौचालय में एक हाथ से लिखा नोट मिला। विमान सुरक्षित रूप से पुणे एयरपोर्ट पर उतरा और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) ने पूरी तरह जांच की। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और विमान को सामान्य संचालन के लिए मंजूरी दे दी गई। गनीमत रही कि इस घटना में भी अबतक किसी तरह की अप्रिय सूचना नहीं आई है।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article