देश

Kolkata Doctor Murder: नहीं थम रहा आक्रोश, अब महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टर 'अनिश्चितकालीन हड़ताल' पर

Maharashtra Doctors Strike: कोलकाता में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या मामला गर्मा गया है और अब महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टर की 13 अगस्त यानी मंगलवार से हड़ताल की घोषणा सामने आई है।

Image

महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टर 'अनिश्चितकालीन हड़ताल' पर

Photo : BCCL
KEY HIGHLIGHTS
  1. महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टर 13 अगस्त से हड़ताल पर जा रहे हैं
  2. 'मंगलवार से पूरे महाराष्ट्र के अस्पतालों में सभी वैकल्पिक सेवाएं बंद कर दी जाएंगी'
  3. 'डॉक्टर को न्याय दिलाने तक देशभर में मेडिकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी'

Kolkata Doctor Rape and Murder Huge outrage: महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टरों ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक स्नातकोत्तर ट्रेनी के साथ बलात्कार एवं उसकी हत्या के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रहे अपने सहयोगियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। पश्चिम बंगाल पुलिस के अनुसार, महिला स्नातकोत्तर ट्रेनी का शव 9 अगस्त की सुबह अस्पताल के संगोष्ठी कक्ष में पाया गया और अपराध के सिलसिले में शनिवार को एक नागरिक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया।

केंद्रीय एमएआरडी (महाराष्ट्र स्टेट एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स) ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा, 'मंगलवार से पूरे महाराष्ट्र के अस्पतालों में सभी वैकल्पिक सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। सभी आपातकालीन सेवाएं हमेशा की तरह जारी रहेंगी।'

कोलकाता की घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग

केंद्रीय एमएआरडी ने बयान में कहा, 'अपने सहकर्मियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए हम मंगलवार से देशभर में वैकल्पिक सेवाओं को बंद करने का समर्थन करते हैं, जिसमें ओपीडी, वैकल्पिक ओटी, वार्ड ड्यूटी, प्रयोगशाला सेवाएं और शैक्षणिक ड्यूटी शामिल होंगी।' बयान में कोलकाता की घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की गई।

एकजुटता दिखाने के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा

बृहन्मुंबई नगर निगम द्वारा संचालित कूपर, केईएम, नायर और सायन अस्पतालों (BMC MARD) के रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) के साथ एकजुटता दिखाने के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है।

दिल्ली के सफदरजंग और आरएमएल समेत कई अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर

कोलकाता में महिला डॉक्टर की हत्या के विरोध में 12 अगस्त से दिल्ली के सफदरजंग और आरएमएल समेत कई अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर बैठे हैं। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन (RDA) से सोमवार से हड़ताल करने की घोषणा की थी। जिसकी वजह से सभी अस्पतालों में ओपीडी, नियमित सर्जरी और अन्य रूटीन सेवाएं प्रभावित रहीं, हालांकि इमरजेंसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं। रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि कोलकाता में जान गंवाने वाली डॉक्टर को न्याय दिलाने तक देशभर में मेडिकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article