देश

रेवंत मंत्रिमंडल का कब होगा विस्तार? खरगे-राहुल ने सूची पर लगाई मुहर, जानें कौन-कौन हो सकता है शामिल

Telangana Cabinet Expansion: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार होने वाला है। कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रियों की संभावित सूची पर मुहर लगा दी है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गहन बातचीत हुई और इसके बाद लिस्ट पर मुहर लग गई।

Image

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फोटो साभार: @revanth_anumula)

Photo : Twitter

Telangana Cabinet Expansion: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार होने वाला है। कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रियों की संभावित सूची पर मुहर लगा दी है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गहन बातचीत हुई और इसके बाद लिस्ट को अंतिम रूप दिया गया।

कब होगा मंत्रिमंडल विस्तार?

दिसंबर 2023 में रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी और अब जाकर रेवंत रेड्डी के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार होने वाला है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तेलंगाना मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार 3 अप्रैल को होने की संभावना है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता वाले मंत्रिमंडल में चार से पांच मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है।

कौन-कौन हो सकता है शामिल

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पिछड़ा वर्ग के दो विधायक और अनुसूचित जाति (SC), रेड्डी और मुस्लिम समुदायों से एक-एक विधायक 3 अप्रैल को मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। पिछड़े वर्ग से वी. श्रीहरि मुदिराज और आदि श्रीनिवास का नाम चल रहा है, जबकि चेन्नूर के विधायक जी. विवेक, जो एससी हैं, को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। उद्योगपति विवेक पूर्व सांसद हैं और एक तेलुगु समाचार चैनल चलाते हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. वेंकस्वामी के बेटे हैं।

सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी के भाई कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। वरिष्ठ नेता सुदर्शन रेड्डी और मालरेड्डी रंगा रेड्डी के नाम पर भी विचार किया जा रहा है।

जातीय समीकरण पर विशेष ध्यान

मंत्रिमंडल में फिलहाल कोई मुस्लिम चेहरा नहीं है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व ने कथित तौर पर एक मुस्लिम चेहरे को शामिल करने का फैसला किया है। इस वजह से विधान परिषद के सदस्य आमिर अली खान रेस में आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस नेतृत्व ने सोमवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और एआईसीसी प्रभारी मीनाक्षी नटराजन के साथ विचार-विमर्श के बाद मंत्रिमंडल विस्तार के लिए अपनी मंजूरी दे दी। राज्य इकाई की कोर कमेटी की राय लेने के बाद कैबिनेट विस्तार पर फैसला लिया गया, जिसमें वरिष्ठ नेता और मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी शामिल थे।

मंत्रियों की अधिकतम संख्या

रेवंत रेड्डी और उनके 11 कैबिनेट सहयोगियों ने 7 दिसंबर, 2023 को शपथ ली थी। राज्य में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने एक से दो कैबिनेट पद खाली रखने का फैसला किया है।

मंत्री पद के कई इच्छुक नेता साल भर से ज्यादा समय से मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, पिछले साल लोकसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं और मुख्यमंत्री ने कई बार दिल्ली का दौरा भी किया था, लेकिन आलाकमान ने इस मुद्दे को लंबित रखा। 119 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के 65 विधायक हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें