Khan Sir: देश के चर्चित टीचर खान सर उर्फ फैजल खान आज कल विवादों में घिरे हुए हैं। कोचिंग सेंटर फायरिंग मामले को लेकर उनपर मुकदमा दर्ज हो चुका है। वहीं, पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। शुक्रवार रात भर पुलिस ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन खान सर को कोई पता नहीं चला। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि वो आज कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं।
बता दें कि खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान और ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के बीच का यह विवाद है। एक वायरल फायरिंग वीडियो की जांच के बाद पटना पुलिस ने फैजल खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
बिहार के पटना स्थित ’खान ग्लोबल स्टडीज’ में हुई तोड़फोड़ की घटना के संबंध में दर्ज प्राथमिकी में फैसल खान उर्फ ’खान सर’ को नामजद किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंगलवार रात को 15 से 20 लोगों के एक समूह ने खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी और परिसर पर पथराव किया था।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज में तोड़फोड़ के मामले में दर्ज प्राथमिकी में खान सर का नाम शामिल किया गया है।
शर्मा ने बताया, ’’चूंकि प्राथमिकी में उनका (खान सर का) नाम है, इसलिए पुलिस उनसे पूछताछ करेगी।’’ पुलिस ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि खान सर के खिलाफ कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोचिंग संस्थान से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को मंगलवार रात कथित रूप से हवा में गोलीबारी करने के आरोप में हिरासत में लिया था। सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो प्रसारित होने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों गार्ड गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत का यह भी पढ़ें: Lalu Yadav: सुरक्षा घटने से भड़के लालू यादव, वापस कर दी पूरी सिक्योरिटी; राबड़ी आवास से सुरक्षाकर्मी बाहर; देखिए Video
