Weather Update: पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के बाद की ठंड हवा ने मौसम का मिजाज पूरा बदल दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर पहले से सुधरा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री कम है।
दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने के औसत तापमान से छह डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने राजधानी में सोमवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
नए साल से पहले दिल्ली कोहरा छाए रहने की संभावना है। 30 और 31 दिसंबर दोनों ही दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 31 दिसंबर को कोहरे वाला मौसम परेशान कर सकता है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। कल्पा व कुफरी में सबसे अधिक बर्फ गिरी। नारकंडा, केलांग और राज्य के ऊंचाई वाले अन्य स्थानों में भी रविवार सुबह हिमपात हुआ।
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर घना या बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ी।
जनजीवन हो रहा सामान्य
कश्मीर में सीजन के सबसे भारी हिमपात के एक दिन बाद रविवार से जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है और यातायात के लिए कई सड़कें साफ की जा चुकी हैं। वहीं, पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।
श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं शुरू
श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को हवाई यातायात बहाल कर दिया गया। भारी हिमपात के कारण एक दिन पहले कश्मीर घाटी के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के एक अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर के लिए उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं और हमें सामान्य परिचालन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम से भारी हिमपात के कारण शनिवार को उड़ान परिचालन स्थगित करना पड़ा।
अधिकारी ने कहा कि उड़ान संचालन फिर से शुरू करने से पहले हवाई पट्टी को साफ कर दिया गया और सुरक्षा से जुड़ी सभी जांच की गईं। कश्मीर में शुक्रवार शाम मौसम का पहला भारी हिमपात हुआ, जो शनिवार तक जारी रहा। बर्फबारी के कारण विमान संचालन प्रभावित हुआ और साथ ही श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बंद करना पड़ा तथा ट्रेन सेवाएं भी निलंबित कर दी गईं।
अधिकारी के मुताबिक, हालांकि अब राजमार्ग को साफ कर दिया गया है और यात्री वाहनों को चलने की अनुमति दी जा रही है, लेकिन वाहन चालकों को लेन में चलने के नियम का पालन करने की सलाह दी गई है।
हिमस्खलन का अलर्ट जारी
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की प्रयोगशाला रक्षा भूसूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRI) ने रविवार को अगले 24 घंटों में उत्तराखंड के चमोली जिले में 3,000 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर हिमस्खलन के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। यह अलर्ट रविवार शाम पांच बजे से सोमवार शाम पांच बजे तक 24 घंटे की अवधि के लिए है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद ओबैदुल्ला अंसारी ने चमोली के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर क्षेत्र के लिए डीजीआरई के ‘ऑरेंज अलर्ट’ (स्तर तीन) की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि अलर्ट के मद्देनजर उचित सुरक्षा और एहतियाती कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहना चाहिए।
