कर्नाटक के विजयपुरा में खूनी संघर्ष (प्रतीकात्म फोटो- Canva)
जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस भीषण हत्याकांड के पीछे पुराना जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश है। शुक्रवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि इसने बेहद हिंसक रूप ले लिया और छह लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
खूनी खेल का खौफनाक मंजर
रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को पीड़ित परिवारों के सदस्य बुवाई के लिए अपने खेत को तैयार करने गए थे। जैसे ही इस बात की भनक दूसरे पक्ष को लगी, वे भी तुरंत मौके पर पहुंच गए और वहां चल रहे कृषि कार्य का कड़ा विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी एक खूनी संघर्ष में बदल गई। हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और साथ ही धारदार हथियारों से भी हमला बोल दिया, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को एक घंटे बाद मिली जानकारी
बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात शुक्रवार दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच हुई। हालांकि, इस भयानक हमले के बाद गांव में इस कदर खौफ और दहशत फैल गई कि ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना देने की हिम्मत नहीं जुटाई। पुलिस को इस दिल दहला देने वाली घटना की जानकारी करीब एक घंटे बाद मिल सकी।
