Karnataka News: मुख्यमंत्री डी.के.शिवकुमार के पदभार संभालने के कुछ ही दिनों बाद कर्नाटक सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। शिवकुमार सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अंजुम परवेज को तत्काल प्रभाव से वन,पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) नियुक्त किया है। परवेज इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के कार्यकाल में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। तीन जून को डी.के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद तुषार गिरिनाथ को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था, जिसके बाद से अंजुम परवेज नई नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे।
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार (फोटो- PTI)
सरकारी आदेश के अनुसार, ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण के विशेष आयुक्त मुनीश मौदगिल को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव (कार्यक्रम एवं परियोजना कार्यान्वयन) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस पद को सरकार के प्रधान सचिव के समकक्ष दर्जा और जिम्मेदारियां दी गई हैं।
वहीं, शहरी विकास एवं नगरपालिका विभाग की सचिव दीपा चोलन का तबादला कर उन्हें परिवहन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। परिवहन विभाग में कार्यरत डॉ. प्रसाद एन.वी. की जगह अब वे जिम्मेदारी संभालेंगी। लंबे समय से पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहीं कावेरी बी.बी. को दीपा चोलन के स्थान पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा योजना, कार्यक्रम निगरानी और सांख्यिकी विभाग के सचिव डॉ. वेंकटेश एम.वी. को सहकारी समितियों का रजिस्ट्रार बनाया गया है।
पुलिस विभाग में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। आंतरिक सुरक्षा प्रभाग के पुलिस महानिदेशक प्रणब मोहंती का तबादला कर उन्हें आपराधिक जांच विभाग (CID), विशेष इकाइयों और आर्थिक अपराध शाखा का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें साइबर अपराध शाखा के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसके साथ ही सुरक्षा (खुफिया) विभाग में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात चंद्रगुप्त का तबादला कर उन्हें खुफिया विभाग में पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। सरकार ने इस पद को दर्जे और जिम्मेदारियों के लिहाज से सीआईडी के पुलिस महानिरीक्षक के समकक्ष घोषित किया है।
