Idli Lovers: कर्नाटक सरकार ने राज्यों में इडली बनाने में प्लास्टिक शीट के इस्तेमाल पर रोक लगाई है। स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बताया कि राज्य के 52 होटलों में इडली बनाने के लिए पॉलीथीन शीट का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसके बाद प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई। स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने गुरुवार को बताया कि कर्नाटक खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाया कि राज्य भर के 52 होटल इडली बनाने के लिए पॉलीथीन शीट का इस्तेमाल कर रहे थे।
उनके अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने राज्य भर से इडली के करीब 250 अलग-अलग नमूनों की जांच की, जिसमें पाया गया कि इडली पकाते समय पारंपरिक कपड़े की जगह प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जा रहा था।
'प्लास्टिक में कार्सिनोजेन्स होते हैं और यह इडली में मिल सकते हैं'
गुंडू राव ने मीडिया से कहा, 'हमें जानकारी मिली है कि इन दिनों कुछ जगहों पर कपड़े की जगह प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसलिए, हमारे विभाग ने इसकी जांच की। 250 नमूनों में से 52 नमूनों में प्लास्टिक के इस्तेमाल की पुष्टि हुई। ऐसा नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि प्लास्टिक में कार्सिनोजेन्स होते हैं और यह इडली में मिल सकते हैं।'
प्रतिष्ठान के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी करेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऐसा न हो और नियम का उल्लंघन करने वाले या प्लास्टिक शीट का इस्तेमाल करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।
