Siddaramaiah Resign: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जारी नाटक अब समाप्त हो सकता है। कांग्रेस शासित राज्य में पिछले कई महीनों से जारी नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मंगलवार को पार्टी आलाकमान ने नई दिल्ली में मैराथन बैठक की। इस बैठक के बाद सूत्रों के हवाले से कई तरह की जानकारियां सामने आईं, जिसमें मुख्यमंत्री सिद्दारमैया (Siddaramaiah) के इस्तीफे से जुड़ी बातें भी हैं।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इससे पहले, सूत्रों ने बताया कि पार्टी आलाकमान ने सिद्दारमैया को पद छोड़ने के लिए कहा।
अगले व्यक्ति को दें मौका
कांग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में हुई मैराथन बैठक में आलाकमान ने सिद्दारमैया को अपनी मंशा जाहिर कर दी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सिद्दारमैया से अगले व्यक्ति को मौका देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब अगले व्यक्ति को मौका दिया जाना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने सिद्दारमैया को बता दिया है कि राज्य में पार्टी आसान नेतृत्व परिवर्तन चाहती है।सूत्रों ने दावा किया कि सिद्दारमैया ने आलाकमान के फैसले को मानने की बात कही, लेकिन औपचारिक इस्तीफा देने से पहले एक-दो दिन का समय मांगा है।
नेतृत्व परिवर्तन का फॉर्मूला हो रहा तैयार
भले ही मंगलवार की बैठक को राज्यसभा और एमएलसी चुनाव से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों की ही चर्चाएं हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन का पूरा फॉर्मूला तैयार हो रहा है। सूत्रों ने दावा किया कि 18 जून के बाद कर्नाटक नेतृत्व परिवर्तन पर फैसला हो सकता है।
सनद रहे कि कर्नाटक में 20 मई को कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद से नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर अटकलें जारी हैं। शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के साथ ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनने को लेकर हुए कथित समझौते के तहत उनकी (शिवकुमार) पदोन्नति पर जोर दे रहे हैं।
