जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थ मार्ग पर हाल ही में हुए भूस्खलन के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दो सप्ताह के अंदर देनी होगी रिपोर्ट
एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि जल शक्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति दो सप्ताह के भीतर सिन्हा को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। सिन्हा श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं।
मंगलवार को हुआ था भूस्खलन
रियासी जिले में पर्वतीय क्षेत्र में स्थित वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग पर मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे भूस्खलन हुआ और पहाड़ की ढलान से पत्थर, शिलाखंड और चट्टानें नीचे गिरने लगीं। इससे बेखबर लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि लगातार भारी बारिश ने केंद्र शासित प्रदेश में भारी तबाही मचाई। बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा, पुल ढह गए और मोबाइल टावर और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए।
