जम्मू-कश्मीर में इन दिनों बारिश का प्रकोप काफी देखने को मिल रहा है। इसी दौरान जम्मू की तवी नदी में मंगलवार 26 अगस्त को आए उफान ने भगवती नगर–बेलीचराना को जोड़ने वाले पुल का एक बड़ा हिस्सा बहा गया था। इसकी वजह से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना ने मोर्चा संभालते हुए पुल पर यातायात बहाल करने का बीड़ा उठाया।
आज सुबह 6 बजे से शुरू हुआ निर्माण कार्य, दोपहर तक 70 फीसद काम पूरा हो गया। आज यानी शुक्रवार शाम तक इस पुल पर यातायात बहाल होने की संभावना है।
आज सुबह करीब 6 बजे सेना की इंजीनियरिंग यूनिट पूरी टीम और उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इसके साथ ही लोहे का अस्थायी पुल बनाने का कार्य शुरू कर दिया। कुछ ही घंटों में सेना ने अपनी दक्षता और तेजी का परिचय देते हुए दोपहर तक लगभग 70 फीसद पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया।
भारतीय सेना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपदा की घड़ी में देशवासियों की पहली उम्मीद वही हैं। चाहे ऑपरेशन सिंदूर जैसे जटिल सैन्य अभियान हों या फिर प्राकृतिक आपदाओं में राहत कार्य, सेना ने हर मोर्चे पर अग्रणी भूमिका निभाई है। जम्मू में तवी नदी पर पुल निर्माण का यह ताजा उदाहरण सेना की तत्परता और अदम्य जज्बे को दर्शाता है।
