Hemant Soren News: झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने सोमवार को विधानसभा के एकदिवसीय विशेष सत्र में हंगामे के बीच विश्वास मत हासिल कर लिया। मौजूदा विधानसभा में मौजूद 76 सदस्यों में से 45 ने सरकार के पक्ष में मतदान किया। विधानसभा के मौजूदा स्ट्रेंथ के हिसाब से बहुमत के लिए न्यूनतम 39 मतों की जरूरत थी। भाजपा और आजसू के विधायकों ने वोटिंग के दौरान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए सदन का बहिष्कार किया। सीएम हेमंत सोरेन ने सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर विश्वास प्रस्ताव पेश किया। इस पर वाद-विवाद के बाद अपराह्न 12 बजकर 20 मिनट पर वोटिंग कराई गई। यह चौथा मौका है, जब हेमंत सोरेन बतौर सीएम झारखंड विधानसभा में विश्वास मत परीक्षण में सफल हुए हैं।
इससे एक दिन पहले रविवार को सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष दोनों ने विशेष विधानसभा सत्र के लिए रणनीति तैयार करने के वास्ते अलग-अलग बैठकें कीं। जहां झामुमो, कांग्रेस और राजद विधायकों ने विश्वास मत हासिल करने का भरोसा जताया। वहीं, विपक्षी भाजपा ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए यह आसान नहीं होगा।
